पानीपत12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पानीपत रिफाइनरी में कॉर्पोरेशन के ऑटोमेशन सिस्टम के साथ छेड़छाड़ कर तेल चोरी किया गया।
पानीपत स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स में हाई-स्पीड डीजल (HSD) चोरी करने और कॉर्पोरेशन के ऑटोमेशन सिस्टम के साथ छेड़छाड़ करने का एक मामला प्रकाश में आया है। शातिर आरोपियों ने मिलीभगत कर टैंक ट्रक (टैंकर) में तय मात्रा से अधिक डीजल की ओवरफिलिंग कर तेल चोरी को अंजाम दिया। आईओसीएल प्रबंधन की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी और तकनीकी छेड़छाड़ के तहत केस दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।
अधिकारी के मुताबिक, तेल चोरी का ये खेल साल 2025 का है।
टैंक लॉरी फिलिंग एरिया में पकड़ा गया था डीजल चोरी का खेल
सदर थाना पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के महाप्रबंधक एस. श्रीनिवास ने बताया कि यह मामला पिछले वर्ष 15 अक्टूबर 2025 का है। कॉम्प्लेक्स के टैंक लॉरी फिलिंग एरिया में जांच के दौरान कुछ व्यक्तियों को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया था। आरोपी टैंक ट्रक में अवैध रूप से और निर्धारित मात्रा से कहीं अधिक हाई-स्पीड डीजल (HSD) की ओवरफिलिंग कर रहे थे। आईओसीएल की प्रारंभिक आंतरिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने पेट्रोलियम उत्पाद की चोरी करने की बदनियत से आईओसीएल के ऑटोमेशन सिस्टम के साथ जानबूझकर हेरफेर और छेड़छाड़ की थी, ताकि सिस्टम में चोरी पकड़ी न जा सके।
सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन 5 कर्मचारियों व चालकों के खिलाफ नामजद शिकायत
मामले की गंभीरता और ऑटोमेशन सिस्टम में अनधिकृत हस्तक्षेप को देखते हुए आईओसीएल प्रबंधन ने प्राथमिक जांच में जिम्मेदार पाए गए 5 व्यक्तियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई है। इनमें जय कुमार (कॉन्ट्रैक्ट वर्कमैन) निवासी मतलौडा, जसपाल सिंह (कॉन्ट्रैक्ट वर्कमैन) निवासी गांव ददलाना पानीपत, पंकज (कॉन्ट्रैक्ट वर्कमैन) निवासी छिछड़ाना इसराना, प्रकाश (टैंक ट्रक ड्राइवर) निवासी मुरथल कॉलोनी, पाना मुंडाना, सोनीपत और विक्रम (टैंक ट्रक हेल्पर) निवासी मॉडल टाउन, पानीपत शामिल हैं।
