मसूरी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पी राधा गायत्री की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले में पति गिरफ्तार।
मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित कियाना होमस्टे में दिल्ली की 27 वर्षीय लेडी इंजीनियर पी. राधा गायत्री की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति सोमयाजुला श्रीचरण को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
.
शनिवार को उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में सुद्धोवाला जिला कारागार भेज दिया। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेटी जांच भी जारी है।
पुलिस अब परिस्थितिजन्य साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और परिवार की शिकायत के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर कपल ने हनीमून ट्रिप के दौरान मसूरी से यह फोटो परिवार को भेजी थी। यह इस कपल की एकसाथ लास्ट फोटो साबित हुई।
जानिए पूरा मामला…
1. शादी के 7 महीने बाद उत्तराखंड घूमने आए थे आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम निवासी राधा गायत्री दिल्ली के किदवई नगर ईस्ट में रहकर गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं। उनके पति सोमयाजुला श्रीचरण पुणे की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत हैं। दोनों की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। 13 जून को दोनों उत्तराखंड घूमने आए और 14 जून की रात मसूरी-धनोल्टी रोड स्थित कियाना होमस्टे में ठहरे।
2. अगली सुबह कमरे में मृत मिलीं राधा गायत्री 15 जून की सुबह राधा गायत्री कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में मिलीं। पति ने पुलिस को बताया था कि दोनों ने रात में शराब पी थी और तड़के करीब साढ़े तीन बजे सोए थे। सुबह उठने पर पत्नी फर्श पर पड़ी मिलीं और उनकी नाक से खून बह रहा था। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
3. कमरे से शराब की बोतलें मिलीं पुलिस जांच के दौरान कमरे से शराब की खाली बोतलें और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्य मिले। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसी वजह से प्रशासन ने मजिस्ट्रेटी जांच भी शुरू कराई है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
4. पिता ने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए अंतिम संस्कार के बाद मसूरी पहुंचे मृतका के पिता परुपुदी सुधाकर ने पुलिस को तहरीर देकर दामाद पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उनकी बेटी शराब नहीं पीती थी। आशंका जताई कि कोल्ड ड्रिंक या किसी पेय पदार्थ में शराब या नशीला पदार्थ मिलाकर उसे जबरन पिलाया गया हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद से बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
5. पहले अग्रिम जमानत खारिज हुई मामले में आरोपी पति ने सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने जांच प्रभावित होने और आरोपी के फरार होने की आशंका जताते हुए राहत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार किया और अब उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर कपल की शादी के वक्त की तस्वीर। 8 महीने बाद हनीमून ट्रिप प्लान किया था, लेकिन होमस्टे में लेडी इंजीनियर की लाश मिली।
पुलिस जांच में क्या सामने आया
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात पति-पत्नी होमस्टे के कमरे में साथ ठहरे थे। शुरुआती पूछताछ में पति ने शराब पीने और देर रात सोने की बात कही थी। पुलिस ने कमरे से मिले सामान, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य परिस्थितियों को जांच में शामिल किया है। चूंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मौत का स्पष्ट कारण नहीं बता सकी है, इसलिए अंतिम निष्कर्ष फॉरेंसिक और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही सामने आएगा।
पिता बोले- बेटी शराब नहीं पीती थी
मृतका के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनकी बेटी शराब नहीं पीती थी। उनका आरोप है कि घटना को सामान्य मौत या शराब सेवन से जोड़कर जांच की दिशा बदलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद परिवार को समय पर पूरी जानकारी नहीं दी गई और घटनास्थल की तस्वीरें व वीडियो भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
प्रताड़ना के भी लगाए गए आरोप
अभियोजन पक्ष ने अदालत में कहा था कि शादी के बाद से आरोपी पति छोटी-छोटी बातों पर पत्नी से झगड़ा करता था। उस पर पत्नी के चरित्र पर संदेह करने, बार-बार वीडियो कॉल कर पूछताछ करने और पैसों व संपत्ति को लेकर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए। अभियोजन ने यह भी बताया कि मृतका ने अपने परिजनों को ऋषिकेश और हरिद्वार जाने की जानकारी दी थी, लेकिन मसूरी जाने की बात नहीं बताई थी।

बेटी के अंतिम संस्कार के बाद मसूरी कोतवाली पहुंचकर मृतका के पिता परुपुदी सुधाकर ने पुलिस को तहरीर सौंपी और हत्या की आशंका जताई थी।
कोर्ट ने कहा था- जांच से पहले राहत नहीं
अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए सत्र न्यायालय ने माना था कि घटना के समय आरोपी स्वयं मृतका के साथ होटल में मौजूद था और पोस्टमार्टम में मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। ऐसे में जांच जारी रहने के दौरान अग्रिम जमानत देना उचित नहीं होगा, क्योंकि इससे विवेचना प्रभावित होने की आशंका है। अदालत ने इसी आधार पर आरोपी की याचिका निरस्त कर दी थी।
पिता के जन्मदिन पर घर आने वाली थी
मृतका के पिता परुपुदी सुधाकर का 19 जून को 60वां जन्मदिन था। परिवार के अनुसार, गायत्री ने अपने पति के साथ 18 जून को विशाखापट्टनम पहुंचने की बात कही थी ताकि वह पिता का जन्मदिन परिवार के साथ मना सके।
पी. सुधाकर भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के पेंडुर्थी क्षेत्र स्थित चिन्नामुशिदिवाड़ा कॉलोनी में रहते हैं। परिवार के मुताबिक, गायत्री और उसके पति ने इसी कॉलोनी में एक नया फ्लैट भी खरीदा था। परिवार की योजना थी कि 19 जून को पिता का जन्मदिन मनाने के बाद नए घर में पूजा-पाठ और गृह प्रवेश से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई।
——————
ये खबर भी पढ़ें :
संदिग्ध दवा से लेडी सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत: मसूरी घूमने आया था कपल, फर्श पर नग्न अवस्था में मिली

मसूरी में एक दिन पहले महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, महिला ने देर रात अपने पति के साथ पहले शराब पी और इसके बाद दोनों ने संदिग्ध दवा खाई। पढ़ें पूरी खबर…







