पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को उकलाना पहुंचकर प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब के दौरों में अधिक व्यस्त हैं, जबकि हरियाणा की व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। मुख्यमंत्री को पहले हरियाणा की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उकलाना के किसान विश्राम गृह में चौधरी दलवीर सिंह फाउंडेशन द्वारा छह गांवों को पानी के टैंकर वितरित किए जाने के कार्यक्रम में पहुंची कुमारी सैलजा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। आम लोगों के कार्य समय पर नहीं हो रहे हैं और उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। प्रशासनिक व्यवस्था भी कमजोर होती जा रही है। जनसमस्याओं के समाधान में विफल हो रही भाजपा सरकार : सैलजा उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हरियाणा को बेहतर ढंग से संभालने में सफल हो जाते हैं तो उनका प्रचार अपने आप हो जाएगा, लेकिन वर्तमान में भाजपा सरकार प्रदेश के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ी है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की तुलना वर्तमान सरकार से करना उचित नहीं है। नेहरू के नेतृत्व में देश में बड़े-बड़े औद्योगिक संस्थान, एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं की स्थापना हुई, जिन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई। देश की जनता के सामने महंगाई और आर्थिक चुनौतियां सैलजा ने आरोप लगाया कि आज देश कई मामलों में बाहरी दबावों के प्रभाव में नीतियां बना रहा है, जबकि आम जनता महंगाई और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद जैसी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कृषि क्षेत्र लगातार समस्याओं से घिरा हुआ है। कांग्रेस संगठन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता एवं कार्यकर्ता मिलकर आगामी चुनावों की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस का लक्ष्य जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करना और प्रदेश में जनहित की सरकार स्थापित करना है। सैलजा बोलीं- कांग्रेस उठाती रहेगी जनता के मुद्दे उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासन में किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी और युवा सहित समाज का लगभग हर वर्ग परेशान है। अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार इन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और लोगों की आवाज बनने का काम करेगी।
Source link
MP सैलजा बोलीं- नायब सैनी पहले हरियाणा संभालें, पंजाब नहीं:हिसार में साधा निशाना, सरकार पूरी तरह नाकाम, भाजपा अपनी नाकामियां छिपा रही
