अमृतसर में गर्मी के बीच लोग राहत पाने के लिए चाटीविंड नहर का रुख कर रहे हैं।
पंजाब और चंडीगढ़ में अगले तीन दिन गरज-चमक के साथ बारिश व तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक पिछले दिन की तुलना में तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
.
अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। इस दौरान पटियाला में अधिकतम 38.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने आज पंजाब के लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में गरज-चमक, बिजली चमकने व आंधी का अलर्ट जारी किया है। वहीं, इन जिलों समेत पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पंजाब में इसी महीने के अंत में मानसून की एंट्री हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक जून के आखिरी हफ्ते यानी 25 से 30 जून के बीच कभी भी मानसून की एंट्री हो सकती है। बड़े शहरों में मानसून पहले अमृतसर और आखिर में बठिंडा पहुंचेगा। वहीं चंडीगढ़ में 27 से 30 जून के बीच मानसून की एंट्री होगी। 28–29 जून के आसपास चंडीगढ़ में अच्छी मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है।
गर्मी के तीन असर…
- बिजली की डिमांड 15,598 मेगावाट पहुंची: राज्य में आज बिजली की डिमांड फिर से 15,598 मेगावाट तक पहुंच गई। पंजाब में बिजली की जनरेशन 4,500 मेगावाट तक रही, जबकि 11,000 मेगावाट बिजली केंद्रीय पूल से खरीदी गई।
- थर्मल प्लांटों की 5 यूनिट बंद: रोपड़ थर्मल प्लांट के चार में से दो यूनिट बंद रहे। गोइंदवाल के दो में से एक और लहरा मोहब्बत के चार में से तीन यूनिट बंद रहे। वहीं, प्राइवेट थर्मल प्लांट राजपुरा और तलवंडी साबो के सभी पांच यूनिटों में उत्पादन हुआ। हाइड्रो प्रोजेक्टों से भी करीब 927 मेगावाट बिजली पैदा की गई।
- लू से बचाएंगी कूल-ग्रीन छतें: लुधियाना शहर को लू से निजात दिलाने के लिए नया प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) ने लू के बढ़ते प्रभाव को कम करने के पायलट प्रोजेक्ट में चुने 12 शहरों में पंजाब से लुधियाना को भी चुना है। इसके लिए लुधियाना नगर निगम को केंद्रीय आवास व शहरी मामलों के मंत्रालय से 5 करोड़ रुपए मिलेंगे, जिससे वह रेजिडेंशियल व सार्वजनिक इमारतों में ठंडी व हरी छतें लगाएंगे। इसके अलावा अतिरिक्त पेयजल (हाइड्रेशन) केंद्र और सार्वजनिक शौचालय स्थापित करने तथा मौसम निगरानी प्रणाली को डेवलप कर सकेंगे। वहीं, छायादार शेड भी बनाए जाएंगे।
ऐसी मौसम की स्थिति मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के पास दो मौसमी सिस्टम एक्टिव हैं। एक सिस्टम पंजाब से आगे उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ गया है, जबकि दूसरा हरियाणा के ऊपर बना हुआ है। इसी वजह से पंजाब के कई इलाकों में बादल छा सकते हैं, तेज हवाएं चल सकती हैं, बिजली चमक सकती है और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
बारिश की संभावना मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 26 जून तक और फिर 29 जून के बीच पंजाब में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। अगले 3 दिनों में गर्मी थोड़ी बढ़ेगी और तापमान 2 से 3 डिग्री तक ऊपर जा सकता है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना है।
तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
- 25 जून: पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, रूपनगर और मोहाली में बारिश व आंधी की संभावना।
- 26 जून: पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में बारिश व आंधी की संभावना।
- 27 जून: मौसम विभाग की तरफ से कोई अलर्ट नहीं है। मौसम ड्राई रहेगा।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
हिमाचल में देरी से आएगा मानसून:अब तक सामान्य से 25% कम बारिश
हिमाचल प्रदेश में मानसून की एंट्री की नॉर्मल डेट (22 जून) बीत चुकी है, लेकिन अभी तक मानसून की दस्तक के संकेत नहीं मिल रहे। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- अगले एक सप्ताह के दौरान भी मानसून पहुंचने की संभावना कम है। ऐसे में राज्य में मानसून पहुंचने में इस बार काफी देरी हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर…
