पंचकूला पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने शिक्षा के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी मानव सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एक डॉक्टर की बेटी को MBBS में मैनेजमेंट कोटा के तहत सीट दिलाने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए थे। आरोपी पिछले काफी समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लुका-छिपी का खेल खेल रहा था, जिसकी अग्रिम जमानत याचिकाएं पंचकूला जिला अदालत और पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट, दोनों ही जगहों से खारिज हो चुकी थीं। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर हरेन्द्र ने आरोपी को 24 अप्रैल को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बठिंडा मेडिकल कॉलेज में दाखिले का भरोसा फरीदकोट (पंजाब) निवासी डॉ. कर्ण गुप्ता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी ने नीट-2024 में परीक्षा दी थी, लेकिन सरकारी कॉलेज में मेरिट न आने के कारण वे निजी कोटे से दाखिले के प्रयास में थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात जीरकपुर में प्राइम स्क्वायर मॉल में ऑफिस चलाने वाले मानव सिंगला से हुई। आरोपी ने पहले बठिंडा के आदेश मेडिकल संस्थान और बाद में हरियाणा के मेडिकल कॉलेजों में सीट दिलाने के नाम पर कुल 37 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि ऐंठ ली। जब दाखिला नहीं हुआ और डॉ. गुप्ता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने केवल 6.20 लाख रुपये लौटाए और शेष 30.80 लाख रुपये देने से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर 22 दिसंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) 318(4) व धारा 61 के तहत पंचकूला के सेक्टर 7 थाना में मामला दर्ज किया था।
Source link
MBBS एडमिशन के नाम पर 37 लाख का फ्रॉड:पंचकूला पुलिस ने पकड़ा मानव सिंगला, हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी अग्रिम जमानत
