हिसार जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उकलाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वर्ष 2017 के एक लड़ाई-झगड़े के मामले में घोषित भगोड़े (पीओ) आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है, जो पहले पुलिस हिरा
.
जानकारी के अनुसार थाना उकलाना के मुकदमा नंबर 39-2017 में वांछित आरोपी अनिल उर्फ अनीत निवासी गांव दौलतपुर को कोर्ट द्वारा पहले ही पीओ घोषित किया जा चुका था। आरोपी को 1 नवंबर 2025 को पुलिस टीम ने काबू कर लिया था और कोर्ट में पेश करने से पहले मेडिकल जांच के लिए सामान्य अस्पताल हिसार ले जाया गया था।
पुलिस को चकमा देकर हुआ था फरार
इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर पुलिस को चकमा दिया और फरार हो गया। इस घटना के बाद थाना शहर हिसार में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी।
आरोपी को दोबारा किया गया गिरफ्तार
इसी कड़ी में 5 अप्रैल को सब इंस्पेक्टर दयाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर गांव दौलतपुर में छापेमारी की। टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी को दोबारा काबू कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना शहर हिसार के हवाले कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
