![]()
हांसी पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
हरियाणा के हांसी में फेसबुक पर देसी गाय बेचने के नाम पर 1.10 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। साइबर अपराध थाना हांसी पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी गई राशि में से 1.05 लाख रुपए बरामद किए हैं।
.
जांच अधिकारी उप निरीक्षक सज्जन कुमार ने बताया कि नारनौंद क्षेत्र निवासी पवन कुमार ने 20 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। पवन ने बताया कि उसने फेसबुक पर देसी गाय बेचने का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर आरोपी ने खुद को गाय विक्रेता बताया और अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.10 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए।
पैसे मिलने के बाद आरोपी ने न तो गाय दी और न ही राशि लौटाई।
तकनीकी और बैंकिंग जांच शुरू
शिकायत के बाद साइबर अपराध थाना हांसी पुलिस ने तकनीकी और बैंकिंग जांच शुरू की। जांच में आरोपी की पहचान कुंवर गुप्ता पुत्र हीरा लाल गुप्ता, निवासी हंसापुरी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और ठगी गई राशि में से 1.05 लाख रुपए बरामद किए, जिससे पीड़ित को राहत मिली।







