मैं नहीं गाता यार… मैं नहीं गाता। (मैं नहीं गाऊंगा… अगर पीछे खड़े होकर सुनना है तो सुनो, नहीं तो रहने दो यार।)
.
ये कोई बात थोड़ी होती है, मैंने पहले तुम्हारी फरमाइश पूरी की है यार…
मशहूर पंजाबी सिंगर जी खान (G Khan) का एक लाइव शो के दौरान भड़कने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। रोपड़ के मोरिंडा स्थित गांव बामंडा में आयोजित दरबार गुप्त शाह के 18वें सालाना मेले में परफॉरमेंस के दौरान जी खान अचानक अपना आपा खो बैठे और दर्शकों पर बुरी तरह झल्ला गए।
लाइव शो के दौरान फैंस द्वारा लगातार अलग-अलग गानों की फरमाइश करने से नाराज सिंगर ने एक फैन को सरेआम बेइज्जत करते हुए यहां तक कह दिया कि तेरा पेग लगा हुआ है तेरा तो यहां आना ही नहीं बनता था।
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि जी खान स्टेज पर खड़े हैं और पीछे उनकी म्यूजिकल टीम तैयार है। शुरुआत में जी खान किसी गाने को याद करने के लिए 5 मिनट का समय मांगते हैं और माहौल बनाने की बात करते हैं।
लेकिन भीड़ में से लगातार हो रही अलग-अलग गानों की डिमांड और शोर-शराबे से उनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच जाता है। वह माइक पर ही परफॉरमेंस रोकने की धमकी दे डालते हैं और दर्शकों को खरी-खोटी सुनाना शुरू कर देते हैं।
सिंगर ने स्टेज से क्या-क्या कहा?
गुस्से में लाल-पीले हुए जी खान ने भरे मंच से दर्शकों और फैंस को जमकर लताड़ लगाई। वीडियो में उनके ये विवादित और तीखे बोल साफ सुने जा सकते हैं:
नशे में धुत एक फैन को फटकारते हुए: खड़े होकर सुन ले अगर सुनना है मेरे भाई, तेरा पेग (शराब) लगा हुआ है सबसे पहले तो तेरा यहां आना ही नहीं बनता था।
गानों की अलग-अलग डिमांड पर भड़के: पहले मेरी बात सुन लो कोई ‘डॉलर’ (गाने का नाम) कह रहा है कोई सांसो की माल कह रहा है, कोई कुछ और कह रहा है। ये सब एक ही राग में नहीं होते।
सीधा चैलेंज दे डाला: या तो तुम लोग खुद आ जाओ और यहां गा कर देख लो भाई। यार ये कोई मोबाइल फोन थोड़ी है कि बटन दबाया और गाना बदल गया जोर लगता है यार, कई बार बंदे (सिंगर) का एक माहौल बना होता है।
आखिर क्यों आया जी खान को इतना गुस्सा?
दरअसल,लाइव अखाड़ों (मेलों) में अक्सर दर्शन अपनी पसंद के गानों की फरमाइश करते हैं। वीडियो से साफ जाहिर हो रहा है कि जी खान एक सुर या राग में गा रहे थे, लेकिन नीचे खड़े कुछ दर्शक, जिनमें से कुछ ने कथित तौर पर शराब पी हुई थी, वो बार-बार अलग-अलग ट्रैक की मांग कर रहे थे। एक सिंगर के लिए लाइव शो में अचानक से म्यूजिक और वोकल का स्केल बदलना मुश्किल होता है, जिसे ये कोई मोबाइल फोन नहीं है कहकर जी खान ने स्पष्ट किया। अंत में जी खान ने झल्लाते हुए यह जरूर कहा कि मैं गा कर ही जाऊंगा बस सुन लो अब अगर सुनना है तो।
