फरीदाबाद में रेलवे ट्रैक से मिला 10वीं की छात्रा का शव।
फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में 10वीं की छात्रा और 12वीं कक्षा के छात्र द्वारा आत्महत्या करने के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं और घटनाओं की जांच की जा रही
.
पहली घटना हरिकेश नगर कॉलोनी की है, जहां 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने परीक्षा परिणाम से निराश होकर ट्रेन से टकराकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार, छात्रा के पिता गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और परिवार हरिकेश नगर, पल्ला में रहता है। छात्रा को 10वीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक आने की उम्मीद थी, लेकिन जब परिणाम आया तो उसे 72 प्रतिशत अंक मिले। अपेक्षा से कम अंक आने के कारण वह काफी परेशान और तनाव में रहने लगी थी।
तीन दिन पहले घर से निकली, रेलवे ट्रैक पर मिला शव
बताया गया कि 15 अप्रैल की शाम करीब 6:45 बजे छात्रा घर से यह कहकर निकली कि वह बाजार में मोमोज खाने जा रही है। उसने अपनी मां से पैसे लिए और घर से निकल गई, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोग चिंतित हो गए और आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद परिजनों ने अगले दिन पल्ला थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसी दौरान मेवला महराजपुर के पास रेलवे ट्रैक पर एक लड़की का शव मिलने की सूचना जीआरपी को मिली। मौके पर पहुंची जीआरपी ने जांच शुरू की और बाद में शव की पहचान लापता छात्रा के रूप में हुई।
छात्रा के घर से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को छात्रा के घर से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने भगवान कृष्ण को संबोधित करते हुए अपनी भावनाएं और पीड़ा लिखी है। जीआरपी डीएसपी राजेश चेची के अनुसार, सुसाइड नोट में किसी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। छात्रा ने उसमें केवल ईश्वर से अपनी व्यथा साझा की है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फरीदाबाद में मोर्चरी हाउस के बाहर खडे़ सुसाइड करने वाले 12वीं कक्षा के छात्र।
कमरे में फंदे से लटका मिला छात्र का शव
इसके अलावा, पल्ला थाना क्षेत्र में ही दूसरी घटना में 12वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र सुमित द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार छात्र के माता-पिता दोनों नौकरी करते हैं। शुक्रवार को उसकी मां ड्यूटी पर गई हुई थीं, जबकि पिता महेंद्र उत्तराखंड स्थित अपने गांव गए हुए थे।
दोपहर करीब 1:30 बजे छात्र की छोटी बहन स्कूल से घर लौटी तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पड़ोसियों को बुलाया।
पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। छात्र कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र ने यह कदम क्यों उठाया। परिजनों को भी इसके पीछे की वजह की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







