Related Posts

CJI सूर्यकांत करेंगे चंडीगढ़ जिला अदालत पार्किंग का उद्घाटन:18 जुलाई को आएंगे; ₹40 करोड़ में बनी मल्टीलेवल पार्किंग, 1500 वाहनों की क्षमता




चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत आने वाले वकीलों और आम लोगों को जल्द ही पार्किंग की बड़ी राहत मिलने वाली है। जिला अदालत परिसर के पास करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से तैयार मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन 18 जुलाई को भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत करेंगे। इस कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया के अलावा न्यायपालिका और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। जिला अदालत बार एसोसिएशन के प्रधान अशोक चौहान ने बताया कि भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग के अनुसार, मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और उद्घाटन से पहले अंतिम तैयारियां की जा रही हैं। 18 जुलाई को उद्घाटन के बाद पार्किंग को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे जिला अदालत आने वाले हजारों वकीलों और अन्य लोगों को वाहन पार्क करने में काफी राहत मिलेगी। रोजाना हजारों लोग पहुंचते हैं अदालत सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत में हर दिन हजारों लोग अपने मामलों के सिलसिले में पहुंचते हैं। यहां बड़ी संख्या में वकील भी नियमित रूप से कार्य करते हैं। मौजूदा पार्किंग व्यवस्था अपर्याप्त होने के कारण लोगों को अपने वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं, जिससे अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। चार मंजिला पार्किंग में 1500 वाहन खड़े होंगे करीब साढ़े चार एकड़ भूमि में निर्मित यह मल्टीलेवल पार्किंग बेसमेंट सहित चार मंजिला है। इसमें एक समय में लगभग 1,500 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। इसके शुरू होने के बाद जिला अदालत परिसर और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। 2022 में रखा गया था शिलान्यास इस परियोजना का शिलान्यास 30 जुलाई 2022 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया था। करीब चार वर्ष बाद निर्माण कार्य पूरा होने के साथ अब यह मल्टीलेवल पार्किंग लोगों के उपयोग के लिए तैयार है। प्रशासन का मानना है कि पार्किंग शुरू होने के बाद जिला अदालत परिसर की पार्किंग व्यवस्था बेहतर होगी और लंबे समय से चली आ रही वाहन पार्किंग की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें