शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लेकर पहुंचे परिजन व अन्य।
गुरदासपुर के बटाला में शुक्रवार को एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की गोलियां मारकर हत्या कर दी। इन दोनों के बीच बिजली के सरकारी मीटर को लेकर झगड़ा हुआ था। बात इतनी बढ़ गई कि व्यक्ति की पत्नी अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल लाई।
.
उसी रिवॉल्वर से व्यक्ति ने पड़ोसी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर 6 गोलियां मारीं। जान बचाने के लिए पड़ोसी इधर-उधर भी भागा, लेकिन व्यक्ति की सभी गोलियां उसके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में जा लगीं। व्यक्ति को एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया था, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मामले में आरोपी व्यक्ति और उसकी सरकारी टीचर पत्नी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इनकी पड़ोसी के साथ पुरानी रंजिश भी थी, जिसकी वजह से ये कई बार आपस में लड़ चुके थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों पक्ष किसान परिवार से
पुलिस के अनुसार, यह मालमा बटाला के सीरा गांव का है। मृतक की पहचान करनैल सिंह के बेटे मनपिंदर सिंह उर्फ मन्ना के रूप में हुई है। उसकी हत्या के आरोप में रणजीत सिंह के बेटे गगनदीप सिंह गगन और उसकी पत्नी जसबीर कौर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों किसान परिवार हैं।
मृतक के भाई ने आंखों देखी बताई…
- बिजली मीटर को लेकर कहासुनी हुई: मृतक मनपिंदर के भाई नरिंदर ने पुलिस को बताया है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद था। उसने कहा कि बहस बस इतनी सी हुई थी कि गगनदीप सरकारी बिजली मीटर से छेड़छाड़ कर रहा था। उसे मनपिंदर ने रोका था तो दोनों के बीच कहासुनी हुई।
- पत्नी रिवॉल्वर लाई, पति ने फायरिंग की: नरिंदर के मुताबिक, कहासुनी के बाद गगनदीप और मनपिंदर के बीच हाथापाई भी हुई। इतने में गगनदीप की पत्नी जसबीर कौर अंदर भागकर गई और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल लाई। उसने रिवॉल्वर लाकर गगनदीप को दे दी। गुस्से में गगनदीप ने फायरिंग कर दी।
- मौके पर मौजूद लोग खड़े देखते रहे: मृतक के भाई का कहना है कि गगनदीप ने गली में दौड़ा-दौड़ाकर मनपिंदर को गोलियां मारीं। मनपिंदर उसकी गोलियों से बचने के लिए इधर-उधर भाग रहा था। मौके पर मौजूद लोग कुछ नहीं कर पाए। गोलियां चलती देख सभी ने अपने दरवाजे बंद कर लिए थे।
- पुलिस ने कार्रवाई की: नरिंदर ने बताया कि गोलियों की आवाज बंद होने के बाद लोग बाहर निकले। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। साथ ही गगनदीप सिंह और उसकी पत्नी जसबीर कौर को गिरफ्तार कर लिया।
DSP बोले- शव पर गोलियों के 6 निशान मिले
इधर, फतेहगढ़ चूड़ियां के डीएसपी ललित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि देर रात सीरा गांव में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर गोलियों के 6 निशान मिले हैं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी गगनदीप सिंह और उसकी पत्नी जसबीर कौर को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार की गई जसबीर कौर एक सरकारी शिक्षिका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का बटाला सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे छोड़ गया है।
॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
पंजाब- 9 माह की प्रेग्नेंट पत्नी की हत्या:मानसा में मायके पहुंचा पति, बात करने के बहाने बुलाया, बाथरूम में गला काटा; जुड़वां बच्चे होने वाले थे
मानसा में एक युवक ने अपनी करीब 9 महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। शुक्रवार रात युवक पत्नी के मायके पहुंचा। उससे बात करने के बहाने घर के बाहर बाथरूम में बुलाकर उसने तेजधार हथियार से पत्नी का गला काट दिया। पढ़ें पूरी खबर…
