चंडीगढ़ में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए चल रहे एसआईआर अभियान के तहत शनिवार को सुखना लेक पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। निर्वाचन विभाग, यूटी चंडीगढ़ ने केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य लोगों को समय पर अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा करने और मतदाता सूची में सही जानकारी दर्ज कराने के लिए जागरूक करना था। नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने रोचक अंदाज में बताया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना कितना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 14 जुलाई 2026 से पहले अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा करें, ताकि भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम देखने पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बताया। 14 जुलाई तक जमा करने होंगे गणना प्रपत्र निर्वाचन विभाग ने बताया कि एसआईआर अभियान के तहत 11 और 12 जुलाई को यूटी चंडीगढ़ के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मौजूद रहेंगे। वे मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य जानकारी अपडेट कराने और संबंधित समस्याओं के समाधान में सहायता करेंगे। विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर गणना प्रपत्र भरें और 14 जुलाई 2026 तक इसे अनिवार्य रूप से जमा करें। अधिकारियों का कहना है कि समय पर प्रपत्र जमा करने से मतदाता सूची को सही और अद्यतन रखने में मदद मिलेगी तथा चुनाव के समय किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। हेल्पलाइन और ऐप से मिलेगी सहायता निर्वाचन विभाग ने बताया कि मतदाता किसी भी जानकारी या सहायता के लिए वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईसीआईनेट (ECINet) ऐप और पोर्टल पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के जरिए भी अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से सीधे संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है, ताकि हर पात्र नागरिक का नाम सही तरीके से मतदाता सूची में दर्ज हो सके।
Source link
