![]()
रोहतक जिले में सांपला नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन प्रधान पद के लिए 5 और पार्षद पद के लिए 31 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही अब तक प्रधान पद के लिए कुल 10 और पार्षद पद के लिए कुल 43 नामांकन पत्र प्राप्त हो चुके हैं। भाजपा के चेयरमैन पद के प्रत्याशी प्रवीण कोच ने नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपने 15 वार्ड पार्षद उम्मीदवारों के साथ पर्चे भरे। इस दौरान भाजपा उम्मीदवार ने शक्ति प्रदर्शन किया, जिसमें एक जनसभा और विशाल जुलूस शामिल था। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली और हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा भी नामांकन कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित थे। दोनों नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया। मोहनलाल बडोली बोले- बनेगी ट्रिपल इंजन सरकार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने जनसभा में कहा कि सांपला में इस बार ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने जनता से भाजपा के विकास एजेंडे पर मतदान करने की अपील की और कहा कि सांपला के हर वार्ड में कमल का फूल खिलेगा। बडोली ने पश्चिम बंगाल में हुई बंपर वोटिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता की मुहर बताया और दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भी भाजपा सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने विपक्षी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोनीपत में मेयर पद के कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान का चुनाव न लड़ना पार्टी के अंदरूनी विवाद और खींचतान का परिणाम है। शर्मा ने स्पष्ट किया कि इसमें भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। इन उम्मीदवारों ने भी दाखिल किए नामांकन शुक्रवार को प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल करने वालों में सुधीर ओहल्याण, शमशेर सिंह, मनजीत, सुशील कुमार और प्रवीन शामिल हैं। प्रधान पद के लिए नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी एवं सांपला उपमंडलाधीश के न्यायालय में स्वीकार किए जा रहे हैं, जबकि वार्ड सदस्यों के लिए तहसीलदार न्यायालय में नामांकन पत्र दाखिल किए जा रहे हैं। बिजली विभाग के एसडीओ को बनाया नोडल अधिकारी एसडीएम सांपला अंकिता पंवार ने बताया कि नगर पालिका के आम चुनाव से संबंधित शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, सांपला के एसडीओ जोगेंद्र सिंह मोर (मोबाइल: 9354726617) को नोडल अधिकारी (शिकायतें) नियुक्त किया गया है। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 27 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। इसी दिन शाम 3 बजे के बाद चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे और मतदान केंद्रों की सूची भी चस्पा की जाएगी। 10 मई को होगा मतदान नगर पालिका सांपला के सामान्य चुनाव के लिए मतदान 10 मई 2026, रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना 13 मई 2026 को सुबह 8 बजे से निर्धारित स्थानों पर शुरू की जाएगी। मतगणना संपन्न होने के तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। रोहतक जिले की सांपला नगरपालिका चुनाव के लिए शुक्रवार को भाजपा के चेयरमैन पद के प्रत्याशी प्रवीण कोच ने नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपने 15 वार्ड पार्षद उम्मीदवारों के साथ पर्चे भरे।
Source link
सांपला में 36 प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन:प्रधान पद के लिए 5, पार्षद पद के 31, भाजपा कैंडिडेट का पर्चा भरवाने पहुंचे मोहनलाल बड़ोली







