![]()
हरियाणा पुलिस में 5500 पदों पर कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) आज पंचकूला में शुरू होने जा रहा है। ताऊ देवीलाल स्टेडियम में सुबह 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से पहले दिन 700 कैंडिडेट बुलाए गए हैं। इसके बाद प्रतिदिन 1000 कैंडिडेट बुलाए जाएंगे, आखिर तक इनकी संख्या 3 हजार तक हो जाएगी। आयोग ने मेजरमेंट के लिए खास मशीनें मंगवाई हैं। यदि कोई कैंडिडेट एड़ी उठाता है, तो स्क्रीन पर जीरो आ जाएगा। ऐसे में कोई भी कैंडिडेट चालाकी नहीं कर पाएगा। स्टेडियम के हॉल में 21 मशीनें लगाई गई हैं, जहां एक साथ 21 कैंडिडेट अपनी हाइट और चेस्ट का माप दर्ज करवा सकेंगे। एक कैंडिडेट का प्रोसेस 15 मिनट में होगा। PMT के दो से तीन बैच पूरे होने के बाद फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) भी इसी स्टेडियम में शुरू कर दिया जाएगा। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए, यह टेस्ट सुबह और शाम के सत्रों में ही आयोजित किए जाएंगे। अब उन सवालों के जवाब जानिए, जो हर कैंडिडेट के लिए जरूरी… सवाल: कितने गुना कैंडिडेट्स को HSSC ने PMT के लिए बुलाया है?
जवाब: भर्ती के 15 गुना कैंडिडेट को आयोग ने PMT के लिए बुलाया है। सवाल: जो कैंडिडेट PMT के पहले बैच में नहीं आया तो क्या करे?
जवाब: भर्ती के लिए अभी एक हफ्ते का शेड्यूल जारी हुआ है। ऐसे कई बैच अभी आने बाकी हैं। कैंडिडेट आयोग की वेबसाइट रोजाना चेक करते रहें। सवाल: भर्ती के लिए स्टेडियम तक कैसे पहुंचें?
जवाब: जिन कैंडिडेट्स का शेड्यूल सुबह 6:30 बजे का है, उन्हें एक दिन पहले ही पहुंचना होगा, तभी वे समय पर पहुंच पाएंगे। सवाल: बस व ट्रेन से आने वाले युवा कैसे स्टेडियम तक जाएंगे?
जवाब: जीरकपुर बस स्टैंड से बसों का इंतजाम किया गया है, जो सीधे स्टेडियम तक जाएंगी। यह बस सेवा सुबह 5 बजे शुरू हो जाएगी और कैंडिडेट्स को टिकट खरीदना होगा। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर आने वाले कैंडिडेट्स के लिए पंचकूला की ओर जाने वाली स्पेशल बसें मिलेंगी, जो उन्हें स्टेडियम तक पहुंचाएंगी। सवाल: देवीलाल स्टेडियम में कैंडिडेट्स के लिए क्या इंतजाम?
जवाब: स्टेडियम के बाहर एक टेंट लगाया गया है, जहां कैंडिडेट और उनके पैरेंट्स आराम से बैठ सकेंगे। वहां उनके लिए पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है। सवाल: कैंडिडेट अपने बैग के लिए क्या व्यवस्था करेंगे?
जवाब: बैग रखवाने के लिए आयोग ने व्यवस्था की है। बैग जमा करने पर कैंडिडेट को एक टोकन दिया जाएगा, जिसे दिखाकर वे टेस्ट के बाद अपना बैग वापस ले सकेंगे। यह सुविधा पूरी तरह से निःशुल्क रहेगी। सवाल: सेंटर में कैंडिडेट का प्रोसेस क्या रहेगा?
जवाब: सेंटर में सबसे पहले बायोमीट्रिक का काउंटर है। वहां एडमिट कार्ड और आईडी कार्ड दिखाना होगा। वहां बायोमीट्रिक होने और फोटो खिंचवाने के बाद कैंडिडेट अगले काउंटर पर जाएगा, जहां उसका रजिस्ट्रेशन होगा। वहां पर एक स्लिप दी जाएगी, जिसे दिखाकर वे मशीन पर माप करवाएंगे। इस पूरे प्रोसेस में एक कैंडिडेट के सिर्फ 15 मिनट लगेंगे। सवाल: हाइट-माप में फर्क लगे तो कैंडिडेट क्या करे?
जवाब: अगर मेजरमेंट के बाद कैंडिडेट को कोई अंतर महसूस होता है, तो उसे उसी काउंटर पर एक ऑब्जेक्शन फॉर्म मिलेगा, जिसे भरकर वह कमेटी के पास जमा करवा सकता है। वहां आयोग का एक मैंबर भी मिलेगा। सवाल: गर्भवती कैंडिडेट को क्या PMT में छूट है?
जवाब: PMT का शेड्यूल जारी होने से पहले ही कैंडिडेट अपने जिले के चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) से मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करवाकर आयोग कार्यालय में जमा करवा दे। शेड्यूल जारी होने के बाद उन्हें यह छूट नहीं मिलेगी। सवाल: क्या गर्भवती कैंडिडेट को PST में छूट मिलेगी?
जवाब: PMT के बाद ऐसे कैंडिडेट्स का PST नहीं लिया जाएगा। फाइनल चयन से पहले ऐसे उम्मीदवारों को अपनी दक्षता साबित करनी होगी।
Source link
हरियाणा कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट आज से:एक कैंडिडेट पर 15 मिनट लगेंगे; स्टेडियम तक पहुंचने, PMT प्रोसेस से जुड़े सवालों के जवाब जानें







