![]()
झज्जर में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने और समाज में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता पैदा करने के लिए एक अनूठी जनजागरण यात्रा शुरू की गई है। भारत निर्माण युवा दल के बैनर तले अभिमन्यु राव हरिद्वार से नशा मुक्ति अभियान की कांवड़ उठाकर जनजागरण यात्रा पर निकले हैं। प्रदेशभर की खाप पंचायतों का आशीर्वाद लेकर शुरू हुई यह यात्रा झज्जर जिले के गांव डिघल पहुंची, जहां अहलावत खाप-27 के नेतृत्व में युवाओं और ग्रामीणों ने अभिमन्यु राव का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेशभर की खाप पंचायतों के कोऑर्डिनेटर इंदर सिंह हुड्डा विशेष रूप से मौजूद रहे। अहलावत खाप के प्रधान जय सिंह सहित खाप पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ ऐसी सामाजिक मुहिम समय की जरूरत है। गांवों में बढ़ रही सूखे नशे की गिरफ्त अभिमन्यु राव ने कहा कि नशा आज समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बनता जा रहा है। खासकर युवा वर्ग सूखे नशे की चपेट में आ रहा है। गांवों में लगातार बढ़ती नशे की प्रवृत्ति चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि करीब तीन हजार की आबादी वाले गांव में भी पांच दर्जन से ज्यादा युवाओं के सूखे नशे की चपेट में होने की बात सामने आ रही है। अगर समय रहते इस समस्या पर समाज ने गंभीरता से काम नहीं किया तो आने वाली पीढ़ियों के सामने इसका खामियाजा भुगतने की स्थिति पैदा हो सकती है। बोले- फसल और नसल दोनों को बचाना है अभिमन्यु राव ने कहा हम फसल और नसल को बचाने के लिए जनजागरण की राह पर निकले हैं। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं है, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। अगर हमें अपनी संस्कृति, संस्कार और आने वाली पीढ़ी को बचाना है तो सभी को आगे आना होगा। उन्होंने बताया कि हरिद्वार से शुरू हुई नशा मुक्ति जनजागरण यात्रा सोनीपत, रोहतक, झज्जर और महेंद्रगढ़ क्षेत्र से होकर आगे बढ़ेगी। यात्रा का समापन बागेश्वर धाम में भगवान शंकर का जलाभिषेक करने के बाद किया जाएगा। खाप बोली- सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मिलकर लड़ना होगा अहलावत खाप-27 के प्रधान जय सिंह और खाप पंचायतों के कोऑर्डिनेटर इंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि अभिमन्यु राव ने जिस उद्देश्य को लेकर यह अभियान शुरू किया है, वह युवाओं के हित में महत्वपूर्ण पहल है। खाप पंचायतें सामाजिक बुराइयों के खिलाफ हमेशा आवाज उठाती रही हैं और नशे के खिलाफ इस अभियान में भी समाज को एकजुट होकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रोजगार और समाजसेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों और ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और नशे की शुरुआत में ही उसे रोकने के लिए मिलकर प्रयास करें।
Source link







