![]()
हरियाणा पुलिस ने सोनीपत में 1999 के एक हत्या मामले में 27 साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान शाह गुलशन उर्फ गुलाब चंद निवासी सूरत, गुजरात के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह मामला 17 नवंबर 1999 को मुंशी निवासी गांव सलारपुर माजरा, जिला सोनीपत की शिकायत पर दर्ज किया गया था। मुंशी ने बताया था कि 16 नवंबर 1999 की शाम करीब 05:30 बजे वह गांव सलारपुर माजरा के रजबाहे की पटड़ी पर घूम रहा था। खेत में बक्से में पड़ा था शव रजबाहे में पानी कम होने के कारण उसने गांव निवासी वीरेंद्र पुत्र कर्म सिंह के खेत के सामने एक बक्सा पड़ा देखा। बक्से के पास जाने पर उसमें से तेज दुर्गंध आ रही थी। बक्सा ताले से बंद था और उसका एक हिस्सा टूटा हुआ था, जिससे अंदर एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या करने के बाद शव को बक्से में डालकर रजबाहे में फेंक दिया था। इस संबंध में थाना मोहाना में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। डीजीपी क्राइम ने घोषित किया था इनाम मामले में फरार चल रहे आरोपी शाह गुलशन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस महानिदेशक, क्राइम हरियाणा की ओर से वर्ष 2020 में ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने लगातार प्रयासों के बाद आरोपी शाह गुलशन उर्फ गुलाब चंद को गिरफ्तार किया। थाना मोहाना की जांच टीम में नियुक्त सहायक उप निरीक्षक रुपेंद्र ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को सोनीपत कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से मामले के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।
Source link







