![]()
सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र के गांव देसूजोधा में दूषित पेयजल के कारण पीलिया और लीवर संक्रमण की रोकथाम की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा दिया जा रहा धरना शनिवार को समाप्त हो गया। एसडीएम द्वारा गठित एक कमेटी से सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन स्थगित कर दिया। यह धरना शुक्रवार को जलघर के सामने शुरू हुआ था। शनिवार को धरने का दूसरा दिन था, जिसमें जननायक जनता पार्टी के सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला भी समर्थन देने पहुंचे थे। शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे, एसडीएम द्वारा गठित कमेटी में शामिल तहसीलदार, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक्सईएन, बीडीपीओ, सीएमओ और राजेंद्र देसूजोधा धरना दे रहे ग्रामीणों के बीच पहुंचे। प्रशासन ने मांगी ग्रामीणों की मांग कमेटी ने प्रदर्शनकारियों द्वारा रखी गई मांगों को स्वीकार करते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया। इसमें जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा गांव में बिछाई गई पाइपलाइन की लीकेज को ठीक करना और पीलिया तथा लीवर संक्रमण से प्रभावित बच्चों, युवाओं और महिलाओं के इलाज का खर्च शामिल था। इस खर्च के लिए संबंधित कमेटी को बिल सौंपकर समाधान करने पर सहमति बनी। ग्रामीण गुरप्रेम देसूजोधा ने बताया कि इसके अतिरिक्त, यह भी तय हुआ कि यदि गांव में संक्रमण फैलने से कोई अन्य मरीज उपचार के लिए जाता है, तो उसके लिए नागरिक अस्पताल डबवाली में अलग से वार्ड बनाकर प्राथमिकता के आधार पर उपचार किया जाएगा। इन सभी मांगों पर सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना स्थगित कर दिया।
Source link







