![]()
करनाल में नीलोखेड़ी के पास नहर में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव नग्न अवस्था में था और उसके हाथ पर काली चुन्नी बंधी हुई थी। हाथ पर बने ‘लव यू मॉम’ टैटू के आधार पर मृतक की पहचान की गई। सूचना मिलते ही पुलिस व गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के मोर्च्युरी हाउस भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय राहुल दहिया निवासी यमुनानगर के रूप में हुई है। राहुल 4 अगस्त से घर से लापता था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर जठलाना थाना में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। शनिवार सुबह नीलोखेड़ी नहर में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। गोताखोरों ने रस्सियों से बाहर निकाला शव सूचना मिलते ही ईआरवी मौके पर पहुंची। इंचार्ज परविंद्र सिंह ने गोताखोरों को बुलाया। गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे और रस्सियों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। शव के हाथ पर काली चुन्नी बंधी थी और ‘लव यू मॉम’ व ‘आरपी’ लिखा हुआ टैटू बना था। नशे की लत की बात आई सामने मौके पर पहुंचे मृतक के भाई प्रवीन ने शव की पहचान राहुल के रूप में की और परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया। प्रवीन ने बताया कि राहुल नशे का आदी था और 4 अगस्त को अचानक घर से गायब हो गया था। उसकी चप्पल और परना नहर किनारे मिले थे, जिसके बाद से परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। यमुनानगर पुलिस करेगी कार्रवाई ईआरवी इंचार्ज परविंद्र सिंह ने बताया कि बुटाना थाना पुलिस को सूचना दे दी गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चूंकि मामला यमुनानगर से जुड़ा हुआ है, इसलिए आगे की कार्रवाई यमुनानगर पुलिस द्वारा की जाएगी।
Source link







