![]()
जींद जिले में नरवाना शहर के रेलवे स्टेशन मार्ग पर बरसाती पानी की निकासी के लिए जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा 6 करोड़ रुपए की लागत से पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना का टेंडर जारी हो चुका है और निर्माण कार्य चल रहा है। हालांकि, बरसात के मौसम के बीच यह कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि शनिदेव मंदिर के पास की कई मार्केट का रास्ता बंद हो गया है। इससे ग्राहकों की आवाजाही लगभग रुक गई है, जिससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने यह भी कहा कि यदि यह कार्य बरसात शुरू होने से पहले या बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद किया जाता, तो लोगों को इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। स्थानीय लोग बोले- रूट डायर्वजन ना होने से परेशानी स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बावजूद प्रशासन ने प्रभावी रूट डायवर्जन की व्यवस्था नहीं की है। इसके कारण वाहन चालकों और आम नागरिकों को बार-बार रास्ता बदलना पड़ रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि शहर में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए यह परियोजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा 6 करोड़ रुपए की लागत से पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद शहर के लोगों को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी और भविष्य में बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
Source link







