![]()
फतेहाबाद जिले में गुरुवार से नगर परिषद कर्मचारी तीन दिवसीय पूर्ण हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के पहले ही दिन शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई। सुबह न तो गलियों और बाजारों में नियमित सफाई हुई और न ही घर-घर से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां पहुंचीं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, नगर परिषद कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में भी तीन दिन तक कामकाज बंद रहेगा। इस कारण आम नागरिकों के जरूरी कार्य अटकेंगे। 13 मई को मानी गई मांगों पर नहीं हुई कार्रवाई नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रधान नरेश राणा ने बताया कि 13 मई को सरकार के साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की कई मांगों पर सहमति बनी थी। कर्मचारियों को उम्मीद थी कि सरकार जल्द ही इन मांगों को लागू करेगी, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बावजूद कोई आदेश जारी नहीं किया गया। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार ने अपने वादे से पीछे हटते हुए सहमति के बावजूद मांगों को लागू नहीं किया। इसके विरोध में पूरे हरियाणा के पालिका, नगर परिषद और नगर निगम कर्मचारियों ने 6, 7 और 8 अगस्त तक तीन दिवसीय पूर्ण हड़ताल का फैसला लिया है। अनिश्चितकालीन भी हो सकती है हड़ताल कर्मचारी नेताओं ने सरकार को दोटूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मानी गई मांगों के संबंध में जल्द पत्र जारी नहीं किए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि जरूरत पड़ी तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रहने की आशंका है। ये कामकाज भी रहेंगे प्रभावित नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल के कारण जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, टैक्स, लाइसेंस और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए नगर परिषद पहुंचने वाले लोगों को भी निराश होकर लौटना पड़ सकता है। यदि हड़ताल लंबी खिंची तो शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं पर इसका व्यापक असर पड़ना तय माना जा रहा है।
Source link







