![]()
शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर एयरपोर्ट पहुंची चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) की एक बस के इंजन में अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि उस समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार को हुआ। बस यात्रियों को एयरपोर्ट छोड़ने के बाद पार्किंग एरिया में खड़ी थी। इसी दौरान इंजन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। इंजन से धुआं और लपटें निकलती देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ड्राइवर और एयरपोर्ट स्टाफ ने आग पर पाया काबू आग लगते ही बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस में मौजूद अग्निशामक यंत्र से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम भी मौके पर पहुंच गई और संयुक्त प्रयास से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों और एयरपोर्ट परिसर को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। घटना छिपाने पर स्टाफ पर कार्रवाई की तैयारी हादसे के बाद CTU प्रबंधन में उस समय हड़कंप मच गया, जब अधिकारियों को पता चला कि बस में तैनात स्टाफ ने इतनी बड़ी घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी। मामले की जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और घटना को छिपाने को गंभीर लापरवाही माना। अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश CTU अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घटना की जानकारी दबाने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। संबंधित स्टाफ के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आग लगने के कारणों की भी विस्तृत जांच कराई जा रही है।
Source link







