![]()
हरियाणा एसटीएफ ने कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के साले गौरव गाड़ौली को जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। गौरव लंबे समय से विदेश में बैठकर भारत में रंगदारी, फिरौती और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहा था। गैंगस्टर कौशल चौधरी के इशारे पर काम करते हुए गौरव ने ही रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल और गुरुग्राम के सेक्टर-50 में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदातों को अपने गुर्गों से अंजाम दिलवाया था। इसके अलावा, पंजाब के एक प्रसिद्ध गायक को धमकी देने और फायरिंग कराने के मामलों में भी उसका नाम सामने आया है। पुलिस अब पंजाब और अन्य राज्यों के पुलिस रिकॉर्ड खंगाल रही है। एसटीएफ चीफ सतीश बालान ने बताया कि गौरव गाड़ौली पिछले एक साल में विदेश से डिपोर्ट होने वाला 13वां कुख्यात अपराधी है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने अक्टूबर 2023 में बरेली से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया था। इसके बाद वह दुबई और जॉर्जिया भाग गया था, जहां से वह ‘डब्बा कॉलिंग’ के जरिए देश के बड़े कारोबारियों और गायकों को धमकाकर वसूली कर रहा था। 4 गैंगस्टरों पर 10 हजार अमेरिकी डालर का इनाम हरियाणा पुलिस ने 4 सबसे बड़े वांछित अपराधियों रणदीप मलिक, हिमांशु, अनिल पंडित और रोहित गोदारा की सूचना देने या उन्हें पकड़वाने वाले को 10,000 अमेरिकी डॉलर का नकद इनाम देने की घोषणा की है। एसटीएफ की इस कार्रवाई से विदेशों में बैठे अन्य गैंगस्टरों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस अब गौरव गाड़ौली को रिमांड पर लेकर उसके पूरे नेटवर्क का और गहराई से पर्दाफाश करने में जुटी है।
Source link







