![]()
नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के गांव बींवा के पास मंगलवार तड़के पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी जाबिर घायल हो गया। जाबिर राजस्थान के डीग जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के गांव घाटमीका का निवासी है। उसके बाएं पैर के घुटने में गोली लगी है। घायल आरोपी को तत्काल शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ (नूंह) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने तीन गोवंश को सुरक्षित बरामद किया है। इसके अतिरिक्त, एक देसी कट्टा और दो कारतूस भी मौके से मिले हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश में चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन यह पूरी कार्रवाई फिरोजपुर झिरका सीआईए स्टाफ प्रभारी उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने घायल आरोपी जाबिर के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गोवंश संरक्षण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अब घायल आरोपी जाबिर के आपराधिक रिकॉर्ड, उसके साथियों और गो-तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पहले किन-किन मामलों में संलिप्त रहा है और उसके संपर्क किन लोगों से हैं। पुलिस ने दोहराया कि जिले में गो-तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link







