![]()
पानीपत में GT रोड स्थित टोल प्लाजा के पास बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले एक गिरोह की करतूत सामने आई है। ई-रिक्शा में बैठे एक बुजुर्ग को दो अज्ञात बदमाश झांसा देकर सुनसान जगह पर ले गए और कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद शातिर बदमाश बुजुर्ग के पास मौजूद 40 हजार रुपए की नकदी, मोबाइल फोन और कान की सोने की बालियां लूटकर फरार हो गए। पीड़ित बुजुर्ग के पोते ने थाना सेक्टर 13-17 पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों की तलाश और लूटा गया सामान बरामद करने की गुहार लगाई है। रिश्तेदारी से लौट रहे थे बुजुर्ग मामू राम थाना सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को दी शिकायत में विकास निवासी अजीजुल्लापुर, पानीपत ने बताया कि गत 1 अगस्त को उनके दादा मामू (93) राम काबड़ी रोड स्थित भारत नगर में अपनी रिश्तेदारी में गए हुए थे। शाम करीब 4 बजे मामू राम भारत नगर से वापस अपने घर अजीजुल्लापुर के लिए निकले थे। वे पैदल व अन्य साधनों से होते हुए शहर के मुख्य लाल बत्ती चौक पहुंचे। ई-रिक्शा से टोल प्लाजा पहुंचे, सुनसान जगह ले जाकर किया बेहोश पीड़ित के अनुसार, लाल बत्ती चौक से उनके दादा एक ई-रिक्शा में सवार होकर जीटी रोड स्थित टोल प्लाजा की तरफ आए। टोल प्लाजा के पास दो अज्ञात व्यक्ति उन्हें बहला-फुसलाकर पास की ही किसी सुनसान जगह पर ले गए। वहां बदमाशों ने बुजुर्ग मामू राम के चेहरे के पास कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वे तुरंत अचेत होकर गिर पड़े। नकदी, मोबाइल और सोने के आभूषण लूटकर फरार बुजुर्ग के बेहोश होते ही दोनों अज्ञात बदमाशों ने उनकी जेब टटोली और जेब में रखे 40,000 रुपए नकद, उनका मोबाइल फोन और कान में पहनी हुई सोने की बालियां निकालकर चंपत हो गए। होश आने पर जब बुजुर्ग ने खुद को असहाय पाया और अपनी नकदी व सामान गायब देखा, तो उन्होंने किसी तरह परिजनों को घटना की जानकारी दी।
Source link







