![]()
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव फतेहपुर बिलोच निवासी डॉक्टर प्रिंस बरेजा की नई महिंद्रा XUV700 में खरीद के महज 21 दिन बाद अचानक आग लग गई। यह हादसा 1 अगस्त की देर शाम उस समय हुआ, जब वह एनआईटी से अपने घर लौट रहे थे। आईएमटी क्षेत्र के गांव सोतई के पास अचानक कार के इंजन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते इंजन में आग लग गई। डॉ. बरेजा ने तुरंत कार सड़क किनारे रोककर खुद को सुरक्षित बाहर निकाला। आसपास मौजूद लोगों ने पानी की बोतलों और अन्य उपलब्ध साधनों की मदद से आग बुझाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। 10 जुलाई को 25 लाख रुपए कैश देकर खरीदी था गाड़ी डॉ. प्रिंस बरेजा ने बताया कि उन्होंने 10 जुलाई 2026 को एनआईटी-5 स्थित महिंद्रा प्राइम ऑटो शोरूम से करीब 25 लाख रुपए नकद देकर महिंद्रा XUV700 का टॉप मॉडल खरीदा था। यह गाड़ी डीजल वेरिएंट थी। उनका कहना है कि नई गाड़ी खरीदने के कुछ ही दिनों बाद उसमें लगातार तकनीकी खराबियां आने लगी थीं।उन्होंने आरोप लगाया कि कार में इंजन ऑयल लीकेज की समस्या शुरू से ही थी। उनके अनुसार, जहां इंजन ऑयल डाला जाता है, वहां किसी प्रकार की तकनीकी खराबी थी, जिसके कारण इंजन ऑयल लगातार लीक हो रहा था। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई की रात में वह अपनी बहन के नवजात बच्चे को देखने के लिए एनआईटी स्थित एक निजी अस्पताल गए थे। रात करीब एक बजे घर लौटते समय कार के डैशबोर्ड पर इंजन ऑयल कम होने का संकेत मिला। जांच करने पर पता चला कि इंजन ऑयल काफी कम हो चुका था। उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत महिंद्रा प्राइम ऑटो शोरूम में दर्ज कराई। गांव लौटते वक्त कार में लगी आग डॉ. बरेजा के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद एजेंसी उनकी कार को टो करके अपने सर्विस सेंटर ले गई। 27 जुलाई को शोरूम की ओर से उन्हें फोन कर बताया गया कि कार ठीक कर दी गई है, जिसके बाद वह गाड़ी वापस ले आए। उनका कहना है कि उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि तकनीकी खराबी दूर कर दी गई है, लेकिन इसके बावजूद समस्या दोबारा सामने आ गई। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त की शाम वह सेक्टर-10 से अपने गांव फतेहपुर बिलोच लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार आईएमटी क्षेत्र के गांव सोतई के पास पहुंची, इंजन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। उन्होंने तुरंत कार रोक दी और बाहर निकल गए। बोनट खोलकर देखा तो इंजन में आग लगी हुई थी। उन्होंने स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल रही थी। इस दौरान वहां मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पानी की बोतलों की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया। नई कार देने या पूरी भुगतान की गई राशि वापस करने की मांग डॉ. बरेजा का आरोप है कि नई गाड़ी में शुरुआत से ही तकनीकी खामियां थीं और एजेंसी को बार-बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि यह घटना किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में या परिवार के अन्य सदस्य कार में बैठे होने के दौरान होती, तो गंभीर हादसा हो सकता था। उन्होंने महिंद्रा कंपनी से नई कार देने या पूरी भुगतान की गई राशि वापस करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि एजेंसी की ओर से उन्हें मंगलवार तक जांच रिपोर्ट का इंतजार करने के लिए कहा गया है। यदि उनकी समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ तो वह कंज्यूमर कोर्ट में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करेंगे। रिपोर्ट आने के बाद ग्राहक को पूरी जानकारी दी जाएगी- मैनेजर वहीं, महिंद्रा प्राइम ऑटो के जनरल मैनेजर अनुज नगर ने कहा कि कार को एजेंसी में लाकर कंपनी के अधिकृत टेक्नीशियन से विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ग्राहक को पूरी जानकारी दी जाएगी और कंपनी की नीति के अनुसार उचित समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल मामले की तकनीकी जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
Source link







