![]()
फरीदाबाद के सेक्टर-28 क्षेत्र में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक सिद्धार्थ सूरी की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ सूरी दिल्ली के प्रह्लादपुर इलाके का रहने वाला था और पेशे से म्यूजिक कंपोजर था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। बीती रात सिद्धार्थ अपने दोस्त साहिल के साथ स्कूटी पर फरीदाबाद किसी काम से पेन ड्राइव लेने आया था। काम पूरा करने के बाद दोनों वापस दिल्ली लौट रहे थे। जब वे सेक्टर-28 के पास पहुंचे, तभी आगे चल रहे एक ट्रक ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उनकी स्कूटी ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने लगाए आरोप मृतक की मां ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद उनका बेटा काफी देर तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। उनका कहना है कि समय पर न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एंबुलेंस की सुविधा मिल सकी। इलाज मिलने में हुई देरी के कारण सिद्धार्थ ने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। हादसे में घायल साहिल फरीदाबाद के लकड़पुर क्षेत्र का रहने वाला है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ट्रक ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस सेक्टर-28 थाना पुलिस ने बताया कि अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ट्रक और उसके ड्राइवर की पहचान की जा सके। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसे के जिम्मेदार ट्रक ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
Source link
फरीदाबाद में सड़क हादसे में युवक की मौत:दोस्त गंभीर घायल, अचानक ब्रेक लगाने से ट्रक से टकराए, परिजनों ने लगाए आरोप







