![]()
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने पार्टी सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला के बीजेपी नेताओं को कुर्सी से घसीटकर सत्ता से बाहर फेंक देने के विवादित बयान का बचाव करते हुए कहा कि यदि सरकार जनता की आवाज सुनने से इनकार करेगी तो देश में अराजकता का माहौल बनेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद जरूरी है और यदि सत्ता अहंकार में रहेगी तो जनता सड़क पर उतरकर जवाब देगी। उन्होंने कहा कि अजय चौटाला का बयान किसी धमकी के रूप में नहीं, बल्कि भविष्य की संभावित स्थिति को लेकर चेतावनी है। दिग्विजय चौटाला सोमवार शाम सिरसा स्थित चौटाला हाउस में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। ‘लोकतंत्र में जनता की आवाज दबाना ठीक नहीं’ दिग्विजय चौटाला ने कहा कि छात्र लगातार अपने आंदोलन के अगले चरण को लेकर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदर्शनकारियों की संख्या और जनसमर्थन से घबराई, जिसके कारण उसे बातचीत के लिए आगे आना पड़ा। उनका कहना था कि यदि सरकार संवाद बनाए रखेगी तो स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन अहंकार की राजनीति से हालात बिगड़ सकते हैं। भाजपा पर लगाए कई राजनीतिक आरोप जजपा नेता ने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार सभी संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित कर ले तो चुनावों का महत्व ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि हाल के छात्र आंदोलन में भाजपा के पारंपरिक समर्थक भी शामिल थे, जिससे सरकार पर दबाव बढ़ा। उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन के बाद सरकार को फैसले बदलने पड़े और इस्तीफे भी हुए। छात्र आंदोलन और INSO के कार्यक्रम का किया जिक्र दिग्विजय चौटाला ने कहा कि इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (INSO) का 24वां स्थापना दिवस “छात्र विजय दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए हिसार में बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्र आंदोलन से जुड़े लोगों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही छात्रसंघ चुनाव बहाली को भी प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा और कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में छात्रों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एचटेट और शिक्षा बोर्ड को लेकर लगाए आरोप दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और एचटेट परीक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित नहीं रखी गई और रिकॉर्ड से हटाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द ही चंडीगढ़ में दस्तावेजों के साथ प्रेस वार्ता करेंगे। उन्होंने शिक्षा मंत्री से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि यदि उनके आरोप गलत साबित होते हैं तो वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को तैयार हैं। विश्वविद्यालयों में आरएसएस के प्रभाव का भी लगाया आरोप जजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कुछ विश्वविद्यालयों में प्रमुख पदों पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े लोगों की नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने सीईटी, गेस्ट टीचरों के नियमितीकरण और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
Source link
सिरसा में दिग्विजय चौटाला का भाजपा पर हमला:बोले-संवाद नहीं होगा तो जनता सड़कों पर जवाब देगी, अजय चौटाला के बयान का बचाव किया







