![]()
विद्यार्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की कांग्रेस पार्टी ने कड़ी निंदा की है। भिवानी में कांग्रेस के ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष करण सिंह गोठड़ा ने इस घटना को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है। गोठड़ा ने अपने बयान में कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रख रहे युवाओं और छात्राओं की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। तानाशाही रवैया अपना रही सरकार : गोठड़ा उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। यदि छात्र अपनी शिक्षा, रोजगार और अन्य अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात रखना चाहते हैं, तो सरकार का दायित्व है कि वह उनकी समस्याओं का समाधान करे, न कि उन पर बल प्रयोग करे। करण सिंह गोठड़ा ने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा मंत्री को विद्यार्थियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग कांग्रेस नेता ने सरकार से पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों पर हुई इस कार्रवाई ने प्रदेशभर के युवाओं और अभिभावकों में गहरा रोष पैदा कर दिया है। गोठड़ा ने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों की मांगों की लगातार अनदेखी की गई और दमनकारी रवैया जारी रहा, तो कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और प्रशासन की होगी। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी।
Source link
भिवानी में कांग्रेस नेता ने साधा सरकार पर निशाना:दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा, करण सिंह गोठड़ा बोले- शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा







