![]()
सिरसा जिले में टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद में एक टोल कर्मचारी पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। हमले में टोल कर्मी सुखचैन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को शिकायत दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना डबवाली उपमंडल के खुईयां मलकाना स्थित टोल की है और सोमवार देर रात की है। देर रात एक कार में सवार दो-तीन युवक टोल प्लाजा पहुंचे। आरोप है कि टोल कर्मी ने उनसे नियमानुसार टोल पर्ची कटवाने को कहा, लेकिन युवकों ने खुद को खुईयां मलकाना का स्थानीय निवासी बताकर टोल शुल्क देने से इनकार कर दिया। इस बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला शांत कर युवकों को वहां से जाने दिया गया। आरोप है कि कुछ समय बाद वहीं कार सवार युवक दो अन्य गाड़ियों में कुछ और लोगों के साथ दोबारा टोल प्लाजा पहुंचे। आते ही उन्होंने टोल कर्मचारी सुखचैन के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दोनों पक्षों ने पुलिस को दी शिकायत घटना के बाद मारपीट के आरोपित पक्ष के लोग भी थाना सदर डबवाली पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद टोल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में रोष है। टोल के पैसे कैश में लेने को लेकर झगड़ा : थाना प्रभारी डबवाली सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिलीप सिंह के अनुसार, जो शिकायत आई है, उसकी गहनता से जांच कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पैसों को लेकर झगड़ा हुआ है। कार सवार युवक टोल कर्मियों को टोल के ऑनलाइन पैसे दे रहे थे। टोल कर्मियों ने कैश मांगा था। इसी बात पर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया।
Source link
डबवाली खुईयां मलकाना टोल पर कर्मी पर रॉड से हमला:गंभीर घायल कर्मी अग्रोहा रेफर; टोल के पैसे ऑनलाइन देने पर हुआ विवाद







