![]()
सिरसा जिले में नाथूसरी चौपटा खंड के गांव जमाल स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने हिंदी टीचर पर पेचकस से हमला कर दिया। छात्र ने टीचर की गर्दन पर कई वार किए, जिससे वह घायल हो गए। बताया जा रहा है कि टीचर ने छात्र को मोबाइल फोन को लेकर टोका था। यह घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुई, जब हिंदी टीचर सुनील कुमार कक्षा में कॉपियां जांच रहे थे। इसी दौरान 10वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र ने अपने बैग से पेचकस निकाला और तेजी से टीचर की ओर बढ़कर उन पर 3 से 4 वार कर दिए। इस हमले के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया और छात्र मौके से फरार हो गया। घायल को अस्पताल में कराया भर्ती घायल टीचर सुनील कुमार को स्कूल के अन्य अध्यापकों ने चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्राचार्य प्रताप सिंह और जमाल चौकी प्रभारी रामकुमार मौके पर पहुंचे। टीचर सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्हें हमले के पीछे का कारण नहीं पता है। जमाल चौकी पुलिस ने टीचर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल को लेकर टोका था बताया जा रहा है कि छात्र को पहले भी टीचर ने मोबाइल फोन को लेकर टोका था। इसी बात को लेकर छात्र के मन में नाराजगी होने की बात सामने आ रही है। टीचर सुनील कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जमाल चौकी प्रभारी रामकुमार ने बताया कि टीचर की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। हमले के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Source link
सिरसा में छात्र ने शिक्षक पर पेचकस से किया हमला:स्कूल के अंदर ही गर्दन पर किए वार, मोबाइल लाने को लेकर टोका था







