![]()
सिरसा जिले के थाना रानियां के अंतर्गत करीवाला चौकी पुलिस ने गांव बणी में एक मकान की दीवार तोड़कर कथित रूप से कब्जा करने के प्रयास के मामले में पूर्व सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश पुत्र चुन्नीलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी बणी निवासी ओमप्रकाश को 17 जुलाई 2026 को हिरासत में लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अंजनी कुमार पुत्र चावली देवी ने 14 मई 2026 को रानियां थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 2013 में गांव बणी में अपना मकान बनवाया था, जिसमें बिजली और पानी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं मौजूद थीं। वह समय-समय पर मकान की देखरेख भी करते रहे थे। पूर्व सरपंच प्रतिनिधि ने तोड़ी 70 फुट लंबी दीवार शिकायत में आरोप लगाया गया कि पड़ोसी ओमप्रकाश पुत्र चुन्नीलाल ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके मकान की लगभग 70 फुट लंबी दीवार को तोड़ दिया। दीवार की ईंटें मुख्य गेट के सामने डाल दी गईं और अवैध तरीके से मकान में घुसकर कब्जा करने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मकान पर लगे बोर्ड भी उखाड़कर ले जाए गए और बिना अनुमति उनके प्लॉट में घुसकर भारी नुकसान पहुंचाया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना किया और साक्ष्य एकत्र किए। जांच के आधार पर, थाना रानियां की करीवाला चौकी में एफआईआर संख्या 193, दिनांक 14 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(4), 329(3), 62 सहित अन्य धाराओं के तहत ओमप्रकाश पुत्र चुन्नीलाल और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के बाद आरोपी को किया गिरफ्तार इस मामले में पीड़ित पक्ष ने एसपी दीपक सहारन से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी। एसपी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए डीएसपी ऐलनाबाद सुभाष बिश्रोई को मौका मुआयना करने के निर्देश दिए। डीएसपी बिश्रोई ने मौके पर जाकर जांच की और दोनों पक्षों से बातचीत करने के बाद चौकी प्रभारी को उचित कार्रवाई करने का आदेश दिया। करीवाला चौकी प्रभारी पीएसआई राजेन्द्र सिंह द्वारा लगभग 2 माह तक की गई जांच के बाद मुख्य आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया गया।
Source link
रानियां में पूर्व सरपंच प्रतिनिधि गिरफ्तार:मकान की दीवार तोड़कर कब्जे का किया प्रयास; गेट के सामने डाली ईंटे







