![]()
यमुनानगर में सिविल इंजीनियर पति और उसके परिवार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, दहेज में मोटरसाइकिल की मांग की गई और घर से निकाल दिया गया। इतना ही नहीं, पति ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसके चरित्र और परिवार को बदनाम किया तथा विरोध करने पर उसे और उसकी नाबालिग बेटी को जान से मारने की धमकियां भी दीं। महिला की शिकायत पर जठलाना थाना पुलिस ने पति सहित सास व जेठ-जेठानी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। हमारा बेटा इंजीनियर, दो लाख महीना कमाता है पुलिस को दी शिकायत में जठलाना थाना क्षेत्र की विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी 30 अक्टूबर 2020 को कुरुक्षेत्र जिले के शांति नगर निवासी कमल के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास सलोचना, जेठ कुलदीप और जेठानी सरोज उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे। आरोपियों का कहना था कि उनका बेटा सिविल इंजीनियर है और महीने का दो लाख रूपए कमाता है, इसलिए शादी में पर्याप्त दहेज नहीं दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि नवंबर 2022 को बेटी के जन्म के बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक खराब हो गया। उसे बेटी पैदा करने के लिए ताने दिए गए और अस्पताल के खर्च के नाम पर उसके मायके से 10 हजार रुपए भी मंगवाए गए। मारपीट कर बेटी सहित घर से निकाला महिला के अनुसार 29 जनवरी 2023 की रात जब वह अपनी बेटी को सुला रही थी, तभी जेठ कुलदीप ने कमरे में आकर लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया। विरोध करने पर गला पकड़कर नीचे गिरा दिया और जेठानी ने भी डंडे से मारपीट की। महिला का आरोप है कि शोर मचाने पर पति और सास ने जान से मारकर नहर में फेंकने की धमकी दी। बाद में मायके पक्ष के लोग पहुंचे, तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और महिला को उसकी नाबालिग बेटी सहित बिना सामान और दस्तावेजों के घर से निकाल दिया गया। फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से किया बदनाम महिला का आरोप है कि पंचायतों के बावजूद ससुराल पक्ष ने उसे वापस नहीं रखा और मोटरसाइकिल लाने की मांग करते रहे। अब आरोपियों ने सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसके, उसकी नाबालिग बेटी और परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां और पोस्ट डालनी शुरू कर दी हैं, जिससे समाज में उसकी छवि खराब हुई है। आरोप है कि विरोध करने पर उसे और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। शिकायत के आधार पर जठलाना थाना पुलिस ने पति कमल, सास सलोचना, जेठ कुलदीप और जेठानी सरोज के खिलाफ मारपीट, दहेज प्रताड़ना, स्त्रीधन हड़पने और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
Source link
यमुनानगर में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट:फर्जी ID बनाकर किया बदनाम; परिजन बोले- हमारा बेटा इंजीनियर, हर महीने 2 लाख कमा रहा







