![]()
सोनीपत शहर में लगातार गहराते बिजली संकट ने अब जनआक्रोश का रूप ले लिया है। पिछले कई दिनों से घंटों की बिजली कटौती, ट्रांसफार्मरों में खराबी, केबलों में स्पार्किंग और पेयजल संकट से परेशान लोगों ने कई घंटे तक जाम लगाया। शनिवार को शहर के दो अलग-अलग मुख्य मार्गों की सड़क पर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में प्रदर्शन में हिस्सा लिया और मानव श्रृंखला बनाकर सड़क पर बैठ गईं। करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण दोनों स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा। सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में दो घंटे तक जाम सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में विशाल नगर के सामने लोगों ने बिजली संकट के विरोध में करीब 3 घंटे तक सड़क जाम रखा। प्रदर्शनकारियों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मानव श्रृंखला बनाई और सड़क पर रस्सी बांधकर यातायात पूरी तरह रोक दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीबन 8 बजे से शुरू हुए प्रदर्शन को 11 बजे तक रखा गया। ओल्ड रोहतक रोड पर भी फूटा गुस्सा, SBI के सामने किया प्रदर्शन बिजली संकट का असर शहर के दूसरे हिस्से में भी देखने को मिला। ओल्ड रोहतक रोड स्थित प्रभु नगर और ब्रह्म कॉलोनी के लोगों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। बिजली कटौती के साथ गहराया पानी का संकट प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि पिछले तीन से चार दिनों से इलाके में कई-कई घंटे बिजली नहीं आ रही है। इसका सबसे बड़ा असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ा है। बिजली नहीं होने से घरों की मोटर नहीं चल पा रही और पानी की सप्लाई का समय निकल जाता है। कई परिवारों को पीने और घरेलू उपयोग के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की बढ़ी मुश्किलें स्थानीय महिलाओं ने बताया कि लगातार बिजली गुल रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का सबसे ज्यादा बुरा हाल है। भीषण गर्मी में कूलर और पंखे बंद पड़े हैं। घरों में खाना खराब हो रहा है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रोजमर्रा के घरेलू काम भी बाधित हो गए हैं। ‘शिकायत करो तो फोन तक नहीं उठाते’ प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। उनका कहना है कि विभाग के कर्मचारी कई बार अपने सरकारी नंबर बंद कर देते हैं और निजी नंबर भी नहीं उठाते। केवल आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई दिखाई नहीं देती। ट्रांसफार्मर और केबलों की खराब हालत पर जताई चिंता स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर जर्जर हालत में हैं, जबकि जगह-जगह केबलों में स्पार्किंग होने से तार जल रहे हैं। उनका आरोप है कि विभाग समय रहते मरम्मत या ट्रांसफार्मर बदलने की बजाय किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। लोगों ने तत्काल तकनीकी खामियां दूर करने की मांग की। विधायक तक पहुंचाई शिकायत, फिर भी नहीं मिला समाधान प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्होंने अपनी समस्या बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के विधायक तक भी पहुंचाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं होने से लोगों का भरोसा टूटता जा रहा है। लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मांग की कि बिजली व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। उनका कहना है कि जो अधिकारी अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से नहीं निभा रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें निलंबित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। पुलिस और अधिकारियों के समझाने पर खुला जाम दोनों स्थानों पर जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कर यातायात बहाल कर दिया। आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई और ट्रांसफार्मर व अन्य तकनीकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो शहर स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।
Source link
सोनीपत बिजली संकट को लेकर 2 जगह लगाया जाम:महिलाओं ने संभाला मोर्चा; 3 घंटे ठप रहा यातायात, जेई-लाइनमैन कर लेते हैं सरकारी नंबर बंद







