![]()
पानीपत जिले के नौल्था गांव में नेशनल हाईवे गोहाना-रोहतक रोड पर बनने वाले फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीण फ्लाईओवर को मिट्टी के बजाय पिलर वाला बनाने की मांग कर रहे हैं, ताकि उनके रोजगार पर असर न पड़े। इस मुद्दे पर जागलान खाप के प्रधान ईश्वर सिंह जागलान की अध्यक्षता में एक पंचायत बुलाई गई, जिसमें सख्त फैसले लिए गए। ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर यह फ्लाईओवर मंजूर हुआ है। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और पानीपत के डीसी से पिलर वाला पुल बनाने का आश्वासन मिलने के बावजूद ठेकेदार मिट्टी वाला पुल बनाने पर अड़ा हुआ है। ठेकेदार ने ग्रामीणों को पुल का नक्शा भी नहीं दिखाया है। ग्रामीणों ने मिट्टी वाले फ्लाईओवर का काम रुकवाया ग्रामीणों ने ठेकेदार द्वारा शुरू किए गए काम को बंद करवा दिया है। पहले भी ठेकेदार ने नक्शा दिखाने में आनाकानी की थी और ग्रामीणों के विरोध के बाद काम रोकना पड़ा था। जागलान खाप के प्रधान ईश्वर सिंह जागलान ने बताया कि डीसी ने मौखिक आश्वासन दिया है कि फ्लाईओवर पिलर का ही बनेगा। केंद्रीय मंत्री गडकरी करेंगे पिलर वाले पुल की मांग ग्रामीणों ने अब केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के माध्यम से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर पिलर वाले पुल के निर्माण की मांग करने का फैसला किया है। इस पंचायत में गांव नौल्था के सरपंच बलराज सिंह जागलान, डेरा बाबा स्टेशन वाला संत सुमर नाथ, विजेंद्र सिंह उर्फ लाला, राजकुमार जांगड़ा, विजय धीमान, धर्मवीर जागलान, मनोज कुमार जागलान, फूल सिंह जागलान, राममेहर नंबरदार सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
Source link
पानीपत के नौल्था में फ्लाईओवर निर्माण का विरोध:ग्रामीण बोले- मिट्टी नहीं, पिलर वाला पुल चाहिए; ठेकेदार का काम रोका







