![]()
करनाल के गांव कुटेल में वाहन चालकों से डंडों के दम पर अवैध वसूली करने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ा जा चुका है, जिन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया था। अब पकड़ा गया तीसरा आरोपी आनंद है, जो कुटेल गांव का ही रहने वाला है। पुलिस ने उसे 10 जुलाई को गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश करने के बाद 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। फिलहाल उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई
पूरा मामला बीती 17 मई की सुबह करीब साढ़े 8 बजे सामने आया था, जब रजत सबिलपुर की फेसबुक आईडी से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में आरोप लगाया गया कि करनाल-घरौंडा टोल बचाकर कुटेल गांव से गुजरने वाले वाहन चालकों से कुछ युवक जबरन पैसे वसूल रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। हर वाहन से 200 रुपए की वसूली, विरोध करने पर छीना पर्स
एक वाहन चालक ने बताया कि आरोपियों द्वारा हर गाड़ी से 200 रुपए ‘एंट्री फीस’ के नाम पर लिए जाते थे। जब एक चालक ने पैसे देने के लिए पर्स निकाला, तो एक युवक ने उसका पर्स छीन लिया और पास के स्कूल की तरफ भाग गया। पर्स में करीब 17 हजार रुपए थे। चालक ने आशंका जताई कि इस तरह की घटनाएं अन्य ड्राइवरों के साथ भी हो रही होंगी। वीडियो में लाठी लेकर सड़क पर खड़ा दिखा युवक
करीब 38 सेकेंड के वायरल वीडियो में एक युवक सिर पर भगवा गमछा बांधे और हाथ में लाठी लेकर सड़क पर खड़ा नजर आया। वह पहले एक कैंटर को रुकवाता है और फिर दूसरे वाहन को रोकने की कोशिश करता है। इस दौरान सड़क पर संदिग्ध गतिविधियां साफ दिखाई दीं, जिससे लोगों में रोष फैल गया। पहले दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल भी बरामद
मामले की जांच सीआईए-2 के इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार के नेतृत्व में की गई। एएसआई राजेंद्र कुमार की टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अरमान पुत्र इनाम और साहिल पुत्र मेहरबान निवासी गांव मंगलौरा के रूप में हुई थी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए थे और दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया था। तीसरे आरोपी से पूछताछ जारी, अन्य की तलाश
जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि अब तीसरे आरोपी आनंद को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे 10 जुलाई को पकड़ा गया। कोर्ट से 7 दिन का रिमांड लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अन्य आरोपियों और पूरे गिरोह के बारे में अहम जानकारी मिलेगी। रिमांड पूरा होने के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
Source link
करनाल में अवैध वसूली करने वाला तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार:पुलिस ने लिया 7 दिन के रिमांड पर, टोल बचाकर गुजरने वाले वाहनों से करते थे वसूली







