![]()
सोनीपत के रोहट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भवन के छज्जे गिरने के मामले में लोक निर्माण विभाग के तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साल 2011 में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाए गए इस सरकारी भवन में अचानक छज्जे गिरने की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। साल 2013 में पीएचसी का उद्घाटन तत्कालीन सांसद जितेंद्र मलिक और विधायक जयवीर द्वारा किया गया था। सीएमओ ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही, घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। 15 साल पुराने भवन के अचानक गिरे छज्जे राहत की बात यह रही कि हादसे के समय कोई मरीज, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे जनहानि टल गई। हालांकि इस घटना ने सरकारी भवनों की निर्माण गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 9 जुलाई 2026 को रोहट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के छज्जे अचानक भरभराकर गिर गए। उस समय अस्पताल में मरीज, उनके परिजन और स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद थे। गनीमत रही कि कोई व्यक्ति छज्जों की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निर्माण में घटिया सामग्री और लापरवाही का आरोप सिविल सर्जन सोनीपत डॉ. अनुराधा जैन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि साल 2011 में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित इस भवन में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया और निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई। शिकायत में कहा गया है कि भवन की वर्तमान स्थिति निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है और इससे मरीजों, कर्मचारियों तथा आम लोगों की जान को खतरा पैदा हुआ। सरकारी संपत्ति को नुकसान, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि छज्जे गिरने से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। स्वास्थ्य विभाग ने मांग की है कि उस समय भवन निर्माण के लिए जिम्मेदार लोक निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता (Executive Engineer), संबंधित ठेकेदार और अन्य अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। 25 कमरों वाला भवन, गैलरी टूटकर कमरों में गिरी पीएचसी भवन में करीब 24 से 25 कमरे बने हुए हैं। इन कमरों के सामने बनी गैलरी का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया और उसका मलबा कई कमरों के अंदर जा पहुंचा। हादसे के बाद पूरे भवन को असुरक्षित मानते हुए उसकी जांच शुरू कर दी गई है। रोजाना पहुंचते हैं 70 से 80 मरीज रोहट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन करीब 70 से 80 मरीजों की ओपीडी होती है। यह स्वास्थ्य केंद्र रोहट के अलावा आनंदपुर झरोठ, कंवाली, झरोठी, फतेहपुर, हरसाना, बैयांपुर और लहराड़ा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है। इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा डॉ. अनुराधा जैन ने 9 जुलाई 2026 को थाना सदर सोनीपत पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 290, 125, 324(5), 61(2), 318(4) के अलावा PDPP Act की धारा 3 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुरू की जांच थाना सदर सोनीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान वर्ष 2013 में हुए निर्माण कार्य से जुड़े रिकॉर्ड, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी स्वीकृतियों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सोनीपत PHC भवन गिरने पर PWD अफसरों पर FIR:सीएमओ की शिकायत पर हुई कार्रवाई, 15 साल पहले बनी थी बिल्डिंग







