spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

गुरुग्राम में हार्डकोर बदमाशों के ठिकानों पर चला पुलिस बुलडोजर:अवैध रूप से कब्जा करके बनाएं मकान-दुकान गिराई, बोरवेल भी उखाड़ा, दोनों पर 25 संगीन केस




गुरुग्राम में अपराधियों और गैंगस्टर के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस का कड़ा रुख लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इलाके के दो कुख्यात बदमाशों के अवैध ठिकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह जमींदोज कर दिया। यह कार्रवाई जिला प्रशासन के सहयोग से धनकोट क्षेत्र में की गई, जहां इन बदमाशों ने सरकारी और नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माण खड़ा कर रखा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कुख्यात अपराधी नरेंद्र उर्फ पव्वा और सन्नी उर्फ डोगरा ने धनकोट इलाके में अवैध रूप से एक मकान का निर्माण करवाया हुआ था। सिर्फ इतना ही नहीं, प्रशासन की अनुमति के बिना इस परिसर के भीतर अवैध रूप से बोरवेल भी किया गया था। इस ठिकाने का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने और छिपने के लिए किए जाने की आशंका थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने मिलकर इस अवैध ढांचे को ढहाने का फैसला किया। कार्रवाई से पहले पुलिस ने कराया सर्वे
इस बड़ी तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम देने से पहले गुरुग्राम पुलिस ने पूरी पुख्ता योजना तैयार की थी। पुलिस टीम ने सबसे पहले गांव धनवापुर और धनकोट के आस-पास इन दोनों अपराधियों (नरेंद्र उर्फ पव्वा और सन्नी उर्फ डोगरा) की संपत्तियों का गहन सर्वे करवाया। सर्वे में यह बात पूरी तरह साफ हो गई कि बनाया गया मकान और ढांचा पूरी तरह अवैध है। इसके बाद कानून सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया। दोनों आरोपियों पर दर्ज हैं दर्जनों संगीन मामले
जिन बदमाशों के ठिकानों पर यह बुलडोजर चला है, उनका पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी नरेंद्र उर्फ पव्वा के खिलाफ हत्या का प्रयास करने, बेरहमी से मारपीट करने, डकैती डालने और शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) के उल्लंघन सहित विभिन्न गंभीर आपराधिक धाराओं के तहत कुल 12 मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी सन्नी उर्फ डोगरा का ट्रैक रिकॉर्ड भी बेहद खौफनाक है। सन्नी पर हत्या का प्रयास, मारपीट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन वारदातों के कुल 13 केस दर्ज हैं। दोनों आरोपी इलाके में दहशत का पर्याय बने हुए थे। क्राइम ब्रांच पालम विहार की अगुवाई में हुई कार्रवाई
एसीपी क्राइम नरेंद्र शर्मा ने इस पूरी कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराधियों के आर्थिक और भौतिक साम्राज्य को चोट पहुंचाने के उद्देश्य से यह सख्त कदम उठाया गया है। यह पूरी कार्रवाई क्राइम ब्रांच पालम विहार की टीम द्वारा जिला प्रशासन के साथ मिलकर की गई। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और स्थानीय लोगों ने भी शांति बनाए रखी। पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अपराधियों और उनके अवैध धंधों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। गुरुग्राम पुलिस की कड़ी निगरानी में बुलडोजर ने अवैध संरचना को पूरी तरह हटा दिया।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles