![]()
हिसार शहर की बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सोमवार को सेक्टर-16/17 में 33 केवी क्षमता का नया बिजली सब स्टेशन शुरू कर दिया गया। करीब 6.07 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस 12.5 एमवीए क्षमता वाले सब स्टेशन के चालू होने से शहर के 5 प्रमुख क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार, नए सब स्टेशन के संचालन से सेक्टर-13, सेक्टर-16, सेक्टर-17, महेश नगर और अमरदीप कॉलोनी में बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक विश्वसनीय होगी। इसके साथ ही पुराने सब स्टेशनों और फीडरों पर पड़ने वाला अतिरिक्त लोड कम होगा, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या घटेगी और बार-बार होने वाली बिजली कटौती में भी कमी आएगी। उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता की बिजली मिलेगी निगम का कहना है कि बढ़ती आबादी और बिजली की मांग को देखते हुए यह परियोजना लंबे समय से आवश्यक थी। नए सब स्टेशन के शुरू होने से फॉल्ट की स्थिति में बिजली बहाली भी पहले की तुलना में अधिक तेज़ी से हो सकेगी और उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता की बिजली मिलेगी। उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना से न केवल मौजूदा उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि भविष्य में बढ़ने वाली बिजली मांग को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा। इससे शहर की बिजली वितरण व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और भरोसेमंद बनेगी। सब स्टेशन के शुभारंभ के अवसर पर अधीक्षण अभियंता संकल्प परिहार, कार्यकारी अभियंता संदीप मेहता, एसडीओ (कंस्ट्रक्शन) विजय रजोटिया, एसडीओ (एम एंड पी विंग) हितेश गोयल, एसडीओ (ऑपरेशन) अमित, जेई दिनेश कुमार तथा निर्माण कार्य से जुड़ी फर्म के प्रतिनिधि उमेश मौजूद रहे।
Source link
हिसार को मिला नया 33 केवी सब स्टेशन:6.07 करोड़ रुपए की लागत से हुआ तैयार; 5 इलाकों में बिजली आपूर्ति मजबूत







