![]()
हरियाणा रोडवेज हिसार की कार्यशाला में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के प्रतिबंध के बावजूद पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। सीएम फ्लाइंग हिसार टीम ने शुक्रवार को छापेमारी कर 86 पेड़ काटे जाने और 141 नए पौधे उखाड़े जाने के साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में लकड़ी को खुर्द-बुर्द कर सरकार को वित्तीय नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है। सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि हाईकोर्ट के पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद हरियाणा राज्य परिवहन हिसार की कार्यशाला में बड़ी संख्या में पेड़ काटे जा रहे हैं और उनकी लकड़ी को खुर्द-बुर्द कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। काटे गए 86 पेड़ों की जड़ मिली निरीक्षण के दौरान कार्यशाला परिसर में 86 पेड़ों के कटे हुए ठूंठ (जड़ें) मिली, जिससे पेड़ों की कटाई की पुष्टि हुई। इसके अतिरिक्त, परिसर में लगाए गए 141 पोल साइज के नए पौधे भी उखाड़े हुए पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि काटे गए पेड़ों की लकड़ी का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था और उसे खुर्द-बुर्द कर दिया गया। संबंधित ठेकेदार द्वारा लकड़ी का मूल्य भी रोडवेज विभाग के खाते में जमा नहीं करवाया गया, जिससे सरकार को वित्तीय हानि होने की आशंका व्यक्त की गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने जांच टीम को बताया कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार, आगामी निर्देशों तक किसी भी सरकारी या निजी स्थान पर सक्षम अनुमति के बिना पेड़ों की कटाई पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। ऐसे में रोडवेज कार्यशाला में पेड़ों की कटाई और पौधों को उखाड़ना न्यायालय के आदेशों का प्रथम दृष्टया उल्लंघन प्रतीत होता है। वन विभाग से नहीं मिली थी परमिशन जांच के दौरान जब रोडवेज महाप्रबंधक से पेड़ों की कटाई के संबंध में अनुमति पत्र मांगा गया तो उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा वन विभाग से अनुमति मांगी गई थी। हालांकि वन विभाग ने हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मामले को लेकर चंडीगढ़ मुख्यालय को भी पत्र भेजा गया, लेकिन वहां से भी पेड़ों की कटाई अथवा उखाड़ने की कोई अनुमति प्राप्त नहीं हुई। महाप्रबंधक ने यह भी बताया कि कार्यशाला में निर्माण कार्य का ठेका लेने वाली कंपनी द्वारा निर्माण कार्य के दौरान इन पेड़ों की कटाई की गई थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर संबंधित उच्च अधिकारियों को आगामी कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है। पेड़ काटने पर हाईकोर्ट की रोक : सुनैना सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने कहा कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार बिना अनुमति किसी भी प्रकार के पेड़ों की कटाई पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई सरकारी या निजी संस्था इन आदेशों की अवहेलना करती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेड का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। टीम में वन राजिक अधिकारी सूर्या, एसआई कृष्ण,एएसआई सुरेंद्र तथा हेड कांस्टेबल विजय सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
Source link
हिसार की रोडवेज वर्कशॉप में 86 पेड़ काटे:सीएम फ्लाइंग टीम की रेड से हुआ खुलासा, सरकारी खाते में नहीं जमा कराया पैसा







