spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

शराब कारोबारी से 75 लाख की रंगदारी का मामला:आरोपी यमुनानगर में RTI लगाकर करता था ब्लैकमेल, विदेशी नंबरों ने दिलवाता था धमकियां




यमुनानगर में शराब कारोबारी विनय साहनी से 75 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में रात को गिरफ्तार हुए शिव साहनी को लेकर जांच में खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी केवल शिकायतों और दबाव की रणनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि विदेशी नंबरों से फोन करवाकर भी लोगों को डराने और ब्लैकमेल करने का काम करता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शिव साहनी का बेटा नमन साहनी और दामाद रमन विदेशों में रहने वाले कई लोगों के संपर्क में हैं। आरोप है कि इन्हीं संपर्कों के माध्यम से पीड़ितों को विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन और व्हाट्सएप कॉल करवाई जाती थीं। RTI लगाकर करता था ब्लैकमेल पुलिस को आशंका है कि तीन जून को विनय साहनी को मिली जान से मारने की धमकी वाली विदेशी कॉल भी इसी नेटवर्क के माध्यम से करवाई गई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के बेटे ने ही विदेश से कॉल करवाने में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार शिव साहनी लंबे समय से आरटीआई का इस्तेमाल कर विभिन्न लोगों और कारोबारियों की जानकारियां जुटाता था। इसके बाद उन जानकारियों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न विभागों में शिकायतें भेजकर दबाव बनाया जाता था। कारोबार बर्बाद करने की देता था धमकियां शिकायतों और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर कथित तौर पर उन्हें बदनाम करने और कारोबार बर्बाद करने की धमकियां दी जाती थीं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इसी तरीके से अन्य लोगों को भी ब्लैकमेल कर उनसे धन उगाही तो नहीं की गई। जांच एजेंसियां अब आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना निशाना बनाया और उनसे कितनी रकम वसूली। यदि जांच में अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो मामले में और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। इस प्रकार से शराब कारोबारी से मांगी रंगदारी बता दें कि पंचकूला के सेक्टर-12 निवासी शराब कारोबारी विनय साहनी ने थाना छप्पर पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि सेक्टर-17 निवासी शिव साहनी पिछले करीब दो वर्षों से उसके संपर्क में था और उसके कारोबार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटा रहा था। इसके बाद शिव साहनी और उसके सहयोगियों ने कथित तौर पर विनय साहनी तथा उसके परिचित आदित्य राणा के खिलाफ विभिन्न सरकारी विभागों में शिकायतें देनी शुरू कर दीं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। एक करोड़ मांगे, 75 लाख में सौदा हुआ तय विनय साहनी का आरोप है कि जब उसने शिव साहनी से इस बारे में बात की तो आरोपी ने परिवार और कारोबार को बर्बाद करने की धमकी देते हुए एक करोड़ रुपये की मांग की। बाद में दोनों पक्षों के बीच 75 लाख रुपये में समझौता हुआ। शिकायत के अनुसार 29 मई को विनय साहनी ने डर के कारण जिमखाना क्लब की पार्किंग में शिव साहनी को 2.50 लाख रुपये टोकन मनी के रूप में दिए थे। इसके बावजूद आरोपी लगातार बाकी 72.50 लाख रुपये देने का दबाव बनाता रहा। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेंगे पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाया। शनिवार को शिव साहनी ने विनय साहनी को चार लाख रुपये लेकर जिमखाना क्लब बुलाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही विनय साहनी ने आरोपी को रुपये दिए और उसने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से मौके पर मौजूद थाना छप्पर पुलिस ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार लाख रुपये बरामद कर लिए। थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपी को रविवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों, विदेशी नंबरों से की गई कॉलों तथा संभावित ब्लैकमेलिंग नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles