![]()
हांसी शहर में मंगलवार रात तिरकोना पार्क के पास एक गोलगप्पे विक्रेता पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला किया। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर किया गया है। घायल युवक की पहचान मालिया मंडी निवासी हरीश के रूप में हुई है, जो शहर के प्रसिद्ध दरिया गोलगप्पे संचालक का बेटा है। हरीश पिछले लगभग छह महीने से तिरकोना पार्क के समीप गोलगप्पों की रेहड़ी लगा रहा था। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला मंगलवार रात हरीश अपनी रेहड़ी पर मौजूद था, तभी कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बिना किसी उकसावे के उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरीश ने हमलावरों से उनकी पहचान और हमले का कारण पूछा, लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया और लगातार लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से वार करते रहे। हमले से बचने के लिए हरीश भागकर सामने स्थित एक पशु डेयरी में घुस गया। हालांकि, हमलावरों ने उसका पीछा किया और डेयरी के अंदर तक पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने हरीश को डेयरी से बाहर निकालकर दोबारा बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर घटना के दौरान जब आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायल हरीश को हमलावरों के चंगुल से छुड़वाया और तुरंत नागरिक अस्पताल हांसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हिसार रेफर कर दिया। फिलहाल हमले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link
हांसी में गोलगप्पे विक्रेता पर जानलेवा हमला:जान बचाने को डेयरी में घुसा, हमलावरों ने पीछा कर पीटा; बचाने आए लोगों से धक्का-मुक्की







