![]()
भिवानी जिले के तोशाम में एसडीएम संदीप कुमार ने बुधवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई और अन्य विभागीय कार्यों का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, एसडीएम ने विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता और सुविधा की जानकारी ली। एसडीएम संदीप कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में प्रतिदिन सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपमंडल कार्यालय परिसर साफ-सुथरा रहे। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि विभागों और सरल केंद्र में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बिना किसी परेशानी के निर्धारित समय सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। काउंटरों पर सूचना पट्ट लगाने के निर्देश निरीक्षण के दौरान, एसडीएम ने पेपरलेस रजिस्ट्रेशन, जमाबंदी, प्रतीक्षा कक्ष, कार्यालयों में आने वाले लोगों के बैठने की सुविधा, साफ-सफाई, संबंधित काउंटर पर सूचना पट्ट लगाने और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नागरिकों के साथ शालीनता और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही, समस्याओं का त्वरित समाधान मौके पर ही सुनिश्चित करने और प्रार्थी को सरकारी कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी देने को कहा। बोले- अनुशासनहीनता कतई सहन नहीं एसडीएम ने कहा कि सभी विभागों से संबंधित जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर उतारने के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्रणाली एक महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार की अंत्योदय योजना की कार्यप्रणाली जितनी प्रभावी होगी, आमजन का प्रशासन पर विश्वास उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरल केंद्र में आमजन को योजनाओं का निर्बाध रूप से लाभ मिलना चाहिए। सभी अधिकारी और कर्मचारी तय समय पर अपने कार्यालय पहुंचकर अपना कार्य शुरू करें। कार्यालयों में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता सहन नहीं की जाएगी। जनप्रतिनिधियों- व्यापारियों से की मुलाकात एसडीएम संदीप कुमार ने तोशाम कस्बे को जाम मुक्त बनाने के लिए मुख्य बाजार मे जाकर प्रबुद्ध लोगों,जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस औऱ जन प्रतिनिधियों तथा आम जनता भागीदार बनें। तभी अपना तोशाम कस्बा जाम मुक्त बनेगा। एसडीएम संदीप कुमार ने चौधरी सुरेंद्र सिंह चौक से चौधरी बंसीलाल चौक तक मुख्य सड़क पर लगने वाली रेहडियो को हटवाया और इस रोड़ को रोल मॉडल रूप से जाम मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने मुख्य बाजार और सिवानी रोड को भी जा मुक्त बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करते हुए सुझाव साझे किए। जबकि ट्रेफ़िक पुलिस द्वारा लगभग 30 लोगों के चालान भी किए गए । इस दौरान जिला ट्रेफ़िक पुलिस निरीक्षक संजय कुमार व अतिक्रमण हटाओ टीम भी साथ रही।
Source link
तोशाम एसडीएम ने कार्यालयों का जायजा लिया:साफ- सफाई रखने की दी हिदायत, बोले- कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी







