![]()
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएनसीबी) फरीदाबाद यूनिट ने पलवल के हसनपुर क्षेत्र के भिडूकी गांव से एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी महिला के कब्जे से 440 ग्राम गांजा बरामद किया है। महिला के खिलाफ हसनपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एचएनसीबी यूनिट फरीदाबाद के एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी एंटी-नारकोटिक्स टीम हसनपुर क्षेत्र के भिडूकी बस अड्डे पर नशा रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि भिडूकी गांव निवासी गुड्डी नामक महिला अपनी दुकान के सामने हरे रंग की प्लास्टिक की थैली में गांजा बेच रही है। महिला पुलिसकर्मी की मदद से पकड़ा सूचना को पुख्ता मानते हुए एएसआई महेंद्र सिंह ने तुरंत इसकी जानकारी एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत हसनपुर थाने को दी। मौके पर कार्रवाई के लिए महिला एएसआई कविता को टीम में शामिल किया गया। पुलिस टीम जब भिडूकी गांव की गली में पहुंची, तो मुखबिर के इशारे पर आरोपी महिला गुड्डी को महिला पुलिसकर्मी की मदद से पकड़ लिया गया। महिला के हाथ में मौजूद हरे रंग की प्लास्टिक की थैली की तलाशी लेने पर उसमें से नशीला पदार्थ गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का वजन 440 ग्राम पाया गया। इस संबंध में हसनपुर थाना पुलिस ने गुड्डी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से और किससे लेकर आती थी।
Source link
पलवल में महिला नशा तस्कर गिरफ्तार:दुकान के सामने खड़ी होकर गांजा बेच रही थी, पुलिस ने रेड करके पकड़ा







