![]()
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल गुरुवार को पानीपत के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मैराथन बैठक की। इस बैठक में करनाल लोकसभा क्षेत्र के पानीपत जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य हर गांव तक विकास पहुंचाना है। गांवों के विकास का खाका- 198 गांवों की रिपोर्ट तलब मनोहर लाल ने बताया कि पानीपत जिले के 198 गांवों में से आज प्रथम चरण में 35 गांवों के सरपंचों को बुलाया गया था। बैठक में एक-एक कर गांवों के विकास कार्यों की चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों और सरपंचों से पूछा कि कौन से काम पूरे हो चुके हैं और कौन से लंबित हैं। अधिकारियों ने पेंडेंसी के आधार पर कुछ कामों के लिए 10 दिन तो कुछ के लिए महीनों का समय मांगा है। केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि आगामी एक साल के भीतर लाइब्रेरी, फिरनी, स्ट्रीट लाइट, शिवधाम योजना, स्कूलों की चारदीवारी, नए कमरे, बाथरूम और गलियों में सीवरेज जैसे सभी अधूरे काम अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में कल करनाल में भी बैठक ली जाएगी। पश्चिम बंगाल चुनाव- ममता के चंगुल से निकलेगा प्रदेश बंगाल में हुई भारी वोटिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर लाल ने कहा कि वहां बहुत बड़ी संख्या में फर्जी वोट काटे गए थे। उन्होंने दावा किया कि जनता में ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ जबरदस्त अंडर करंट था, जिसका परिणाम वोटिंग के दिन दिखा है। उन्होंने कहा, एग्जिट पोल भी भाजपा की सरकार बनते दिखा रहे हैं। अब बंगाल ममता बनर्जी के चंगुल से निकल रहा है और वहां की जनता को स्वतंत्र होकर काम करने की आजादी मिलेगी। नगर निकाय चुनाव और हुड्डा पर हमला हरियाणा में हो रहे नगर निगम, परिषद और नगर पालिकाओं के चुनावों पर उन्होंने कहा कि गुजरात की तरह यहां भी भाजपा एकतरफा जीत दर्ज करेगी। वहीं, पंचकूला प्लॉट घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम आने पर मनोहर लाल ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, घोटालेबाजों का नाम कहां-कहां नहीं है? सब जगह इन लोगों ने खेल खेले हुए हैं। अब एक-एक कर परतें उखड़ रही हैं और असलियत सामने आ रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link
पानीपत पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल:बोले- बंगाल अब ममता के चंगुल से होगा आजाद; घोटालेबाज हुड्डा का कई घोटाले में नाम







