Related Posts

हिसार में खेत गए किसान की करंट लगने से मौत:झटका लगते ही कुएं में गिरा; मोटर चालू करते समय हादसा




हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र में खेत में सिंचाई करते समय बिजली का करंट लगने से एक युवा किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य बताया जा रहा है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार गांव ढाणी चहल निवासी 35 वर्षीय सुरेंद्र कुमार खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में वृद्ध एवं बीमार पिता, एक बेटा और 3 बेटियां हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य साधन खेती ही था। करंट लगने से कुएं में गिरा किसान बताया जा रहा है कि गुरुवार को सुरेंद्र अपने खेत में ट्यूबवेल से फसल की सिंचाई करने गया था। इसी दौरान जब वह बिजली की मोटर चलाने या उसे संभालने का प्रयास कर रहा था तभी मोटर में करंट आ गया। करंट लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पास स्थित कुएं में जा गिरा। करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात तक जब सुरेंद्र घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। काफी देर इंतजार करने के बाद परिवार के सदस्य उसे तलाशते हुए खेत में पहुंचे। वहां ट्यूबवेल के पास तलाश करने पर सुरेंद्र कुएं के अंदर पड़ा मिला। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने की उचित मुआवजा देने की मांग घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। वीरवार को गमगीन माहौल में सुरेंद्र कुमार का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। ग्रामीणों ने बताया कि सुरेंद्र मेहनती और सरल स्वभाव का किसान था और सीमित कृषि भूमि के सहारे अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी स्तर पर उचित मुआवजा देने की मांग भी की है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें