![]()
चंडीगढ़| पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी के बीच बुधवार को दिल्ली में हुई समन्वय समिति (कोऑर्डिनेशन कमेटी) की पहली बैठक ने पार्टी की एकजुटता का बड़ा संदेश दिया। करीब डेढ़ घंटे चली बैठक में पहली बार प्रदेश के सभी प्रमुख नेता एक मंच पर नजर आए। कांग्रेस हाईकमान ने साफ कर दिया कि अब व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर पूरा संगठन ‘टीम पंजाब’ के रूप में 2027 विस चुनाव की तैयारी करेगा। बैठक के बाद पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही राहुल गांधी से समय लेकर चुनावी रोडमैप को अंतिम रूप देगी। पार्टी इस पर मंथन कर रही है कि अभियान की शुरुआत प्रदेशभर में जनसभाओं से की जाए या बस यात्रा निकाली जाए। जुलाई के अंत तक चुनावी जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा तय किए जाने की उम्मीद है। कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की मौजूदगी में हुई बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, सांसद सुखजिंदर रंधावा, भारत भूषण आशु, विजय इंदर सिंगला, राजकुमार वेरका सहित पार्टी के लगभग सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। {शेष पेज 9 पर सुखजिंदर सिंह रंधावा और वेरका बोले- पार्टी पूरी तरह एकजुट सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा, “कांग्रेस कभी दो गुटों में नहीं रही। कांग्रेस का सिर्फ एक ही गुट है और वह कांग्रेस पार्टी है। सभी नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।” वहीं राजकुमार वेरका ने कहा कि हाईकमान ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए हैं और सभी समितियों से जल्द रिपोर्ट मांगी गई है। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर बैठक में बूथ, ब्लॉक और जिला स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। गठित समितियों को तुरंत काम शुरू करने, जिला पदाधिकारियों के साथ बैठकें करने और जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए। नए सदस्यों को जोड़ने, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनहित के मुद्दों पर प्रदेशव्यापी अभियान चलाने पर भी सहमति बनी। जनता के मुद्दों पर फोकस करेगी कांग्रेस: कांग्रेस आने वाले समय में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, युवाओं, महिलाओं और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। पार्टी का मानना है कि इन मुद्दों के जरिए वह जनता के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करेगी।
Source link
हाईकमान का स्पष्ट संदेश:दिल्ली दरबार से पंजाब कांग्रेस को चुनावी मंत्र: पहली बार एक मंच पर दिखे चन्नी, वड़िंग समेत सभी दिग्गज







