भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कर्ण प्रताप सिंह ने दावा किया है कि सोनीपत और जींद जिलों में भाजपा की चुनावी जीत के कारण ही क्षेत्र को हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात मिली है। उन्होंने यह बात उचाना के खरकभूरा गांव में कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान कही। कर्ण प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई को जींद से सोनीपत के लिए हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इस क्षेत्र को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने दावा किया कि सोनीपत जिले की 6 में से 5 और जींद जिले की 5 में से 4 विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत के कारण ही यह परियोजना संभव हो पाई। ‘पूर्व सीएम के सपने को तोड़ा’ उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने इसी क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने के सपने को भी तोड़ दिया। कर्ण प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में युवाओं और खिलाड़ियों के हित में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, और युवाओं को बिना किसी पर्ची या खर्ची के रोजगार प्रदान किया गया है। ‘कांग्रेस ने भाई-भतीजावाद और क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिया’ उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जींद दौरे के दौरान प्रदेशभर से 3 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पहुंचकर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कर्ण प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय भाई-भतीजावाद और क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिया गया, जबकि भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के युवाओं को रोजगार दिया है। उन्होंने चुनौती दी कि कोई भी व्यक्ति यह साबित नहीं कर सकता कि भाजपा सरकार में पैसे लेकर नौकरी दी गई हो। उन्होंने युवाओं से देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर राकेश घोघडिय़ा, दीपक करसिंधु, गौरव खरकभूरा, सत्यनारायण मखंड, राजबीर शर्मा, रमेश अत्री, सुरेश शर्मा, योगेश, मोहित और जोगीराम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर भाजपा का दावा:सोनीपत-जींद में जीत के कारण मिली सौगात; इसी क्षेत्र से टूटा हुड्डा का सपना
