हांसी के हुडा सेक्टर-5 में पेयजल संकट को लेकर हुडा चौक पर पिछले चार दिनों से चल रहा धरना शनिवार को समाप्त हो गया। विधायक विनोद भयाना की मौजूदगी में प्रशासन, जनस्वास्थ्य विभाग, हुडा विभाग और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के बीच हुई बैठक में सहमति बनने के बाद यह निर्णय लिया गया। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई इस बैठक की अध्यक्षता आरडब्ल्यूए सेक्टर-5 के प्रधान शशिकांत यादव ने की। इसमें एसडीएम राजेश खोथ, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी, हुडा विभाग हिसार के कार्यकारी अभियंता भूपेंद्र सिंह, एसडीओ नरेंद्र सिंह तथा आरडब्ल्यूए के सदस्य सुबे सिंह सांसी, बारू राम, पवन जाखड़, सचिन ढूल, बलवान सैनी और सुखविंदर जाखड़ उपस्थित रहे। मुख्य पाइपलाइन से रोजाना एक घंटा सप्लाई दी जाएगी बैठक में यह सहमति बनी कि भाखड़ा का पानी हांसी पहुंचने तक सेक्टर-5 को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि हुडा के पास से पहले से गुजर रही 8 इंच की मुख्य पाइपलाइन से प्रतिदिन एक घंटे तक पानी की सप्लाई दी जाएगी। इससे सेक्टर के अंतिम छोर तक भी पर्याप्त पानी पहुंचेगा। भाखड़ा का पानी आने के बाद हुडा विभाग सेक्टर-5 में एक बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण करेगा। इससे भविष्य में पानी की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। मीटिंग के बाद विधायक-एसडीएम धरनास्थल पहुंचे बैठक के बाद विधायक विनोद भयाना और एसडीएम राजेश खोथ धरना स्थल पर पहुंचे और लोगों को वार्ता के परिणाम से अवगत कराया। विधायक भयाना ने आश्वासन दिया कि हुडा सेक्टर-5 में पेयजल की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और प्रशासन लोगों की सुविधाओं के लिए गंभीर है। सहमति बनने के बाद धरनारत लोगों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।
Source link
हांसी सेक्टर-5 में पेयजल संकट सुलझा, धरना खत्म:MLA विनोद भयाना की मौजूदगी में बनी सहमति; 8 इंची पाइपलाइन से होगी सप्लाई
