गुरुग्राम जिले के ग्राम खेडला में करंट की चपेट में आने से छह दुधारू भैंसों की मौत हो गई। यह घटना शनिवार शाम को हुई। ग्रामीणों ने बिजली निगम की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। पशुपालक प्रकाश शनिवार की शाम अपनी भैंसों को चरा कर घर लौट रहे थे। गांव के निकट खेत की लोहे की जाली के पास पहुंचते ही भैंसे लोहे की जाली में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गईं। एक भैंस को करंट लगने के बाद अन्य भैंसें भी उसके संपर्क में आ गईं। देखते ही देखते सभी छह दुधारू भैंसों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करवाई। सूचना मिलने पर सोहना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीण कई बार कर चुके तार ठीक करने की शिकायत ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक देवस्थान के पास लगे ट्रांसफार्मर पर बिजली के तार अव्यवस्थित और जर्जर स्थिति में हैं। पिछले कई दिनों से खेतों की लोहे की जाली में करंट उतरने की शिकायत बिजली निगम के अधिकारियों को लगातार दी जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, विभाग ने इन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा उपाय किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। इस हादसे में पशुपालक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Source link
सोहना में करंट से छह भैंसों की मौत:खेत में लगी लोहे की जाली की चोट में आई, चरा कर घर लौट रहा था पशुपालक
