![]()
हांसी में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए 15 जून से विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा। यह अभियान निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 14 जुलाई 2026 तक चलेगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी राजेश खोथ ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हांसी विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 2 लाख 02 हजार 464 पंजीकृत मतदाता हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। मतदाता स्वयं भी ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इस अभियान के तहत नाम, पता, आयु जैसे विवरणों में संशोधन किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त, नए मतदाताओं का पंजीकरण और अपात्र नामों को सूची से हटाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। ओटीपी मांगने वालों से सावधान रहें : एसडीएम एसडीएम राजेश खोथ ने इस प्रक्रिया के दौरान ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) को लेकर विशेष चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी ओटीपी नहीं मांगेगा। यदि कोई व्यक्ति निर्वाचन विभाग का प्रतिनिधि बनकर ओटीपी या किसी प्रकार की राशि की मांग करता है, तो उससे सावधान रहें और तुरंत प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बीएलओ के घर पहुंचने पर सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
Source link
हांसी में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान 15 जून से:एसडीएम राजेश खोथ बोले- कोई ओटीपी नहीं मांगा जाएगा, घर-घर जाकर होगा सत्यापन







